फर्रुखाबाद:(नगर प्रतिनिधि)दिनों दिन बढ़ती गर्मी के प्रकोप से जनजीवन अस्तव्यस्त हो रहा है। सूरज की तपिश लोगों को बेहाल कर रही है। इससे घर से निकलने की लोग हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। दोपहर में प्रमुख मार्गों, बाजारों व सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है। गर्मी का सितम बढ़ने लगा है। दोपहर के समय आसमान से आग बरसने लगी है। राहगीरों की त्वचा झुलसनी शुरू हो गई है। जिला प्रशासन ने लॉकडाउन में छूट भी दे दी है। बावजूद इसके भीषण गर्मी के चलते लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। दिन चढ़ने के साथ ही सड़कों पर भी भीड़ कम होने लगी है।
शनिवार को गर्मी चरम पर थी, तो आसमान से आग बरस रही थी। लू का असर सड़क पर साफ देखने को मिल रहा था। राहगीरों को घर से बाहर निकलने में मुश्किल का सामना करना पड़ा। लोग बेहाल और बाजार व सड़कों में सन्नाटा देखा गया। मजबूरी में घर से निकलने वाले लोग खुद को पूरी तरह से कपड़ों में ढककर निकलते देखे गए। किसानों का कहना है कि उन्हें पशुओं के हरे चारे को गर्मी से बचाने के लिए जल्दी-जल्दी पानी लगाना पड़ेगा। अन्यथा उसकी हरी पत्तियां मुरझाना शुरू हो जाएंगी।
अभी गर्मी दिखाएगी रौद्र रूप
लोगों का मानना है कि असली परीक्षा अब शुरू होगी। गर्मी का असली माह जेठ तो अब शुरू हुआ है। अब भीषण गर्मी, तेज धूप और लू के थपेड़े झेलने को तैयार हो जाइए। आने वाले दिनों में तो कूलर, पंखे भी पूरी तरह से फेल हो जाते हैं। अब तो बस ठंडा पानी ही एकमात्र जीवन बचाने की दवा है।




