निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, सांसद प्रवीण निषाद गिरफ्तार

गोरखपुर:आरक्षण की मांग को लेकर गोरखनाथ मंदिर कूच कर रहे निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया। प्रदर्शन का  नेतृत्‍व करने वाले निषाद पार्टी के सांसद प्रवीण निषाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार सांसद प्रवीण निषाद के नेतृत्‍व में निषाद पार्टी के कार्यकर्ता गुरुवार को दोपहर गोरखनाथ मंदिर कूच कर रहे थे। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रास्‍ते में रोकने का प्रयास किया लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। इस बीच कुछ कार्यकर्ता उग्र हो गए। कार्यकर्ता बीर बहादुर सिंह स्‍पोर्ट्स कॉलेज होते गोरखनाथ मंदिर की तरफ बढ़ रहे थे।
पुलिस ने कार्यकर्ताओं को पुन: रोकने का प्रयास किया लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। इस बीच कुछ कार्यकर्ताओं के उग्र होने पर पुलिस ने रामनगर के पास कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज के बाद निषाद पार्टी के कार्यकर्ता तितर बितर हो गए। इस बीच कुछ कार्यकर्ताओं और सांसद प्रवीण निषाद को हल्‍की चोटें भी आईं। पुलिस ने सांसद को गिरफ्तार कर लिया है। बाद में सांसद और उनके समर्थकों को पुलिस लाइन ले जाया गया।