रैना की शादी : मेरठ के बड़ौत में महकने लगी हाईप्रोफाइल खुशबू

0
195

priyankaलखनऊ: टीम इंडिया के बल्लेबाज सुरेश रैना की मेरठ में शादी की खबर अब बड़ौत तक महक रही है। दरअसल, उनकी जीवनसंगिनी प्रियंका चौधरी का पैतृक घर बड़ौत में है, जहां पर शादी की रंगत अब निखरने लगी है। प्रियंका का परिवार भले ही मेरठ का बाशिंदा बन चुका है, किंतु रिश्तों की डोर दूर गांवों तक आंचल फैला चुकी है। कस्बे वाले अपनी बिटिया को प्रदेश के रत्न के साथ शादी के जोड़े में देखने के लिए बेताब हैं।

[adrotate banner="3"]

प्रियंका के पिता तेजपाल सिंह मुरादनगर में स्कूल में शिक्षक रहे। सुरेश रैना के परिवार से बचपन की घनिष्ठता अब परिणय के रिश्ते में ढलेगी। प्रियंका का परिवार मूलत: बड़ौत (बागपत) से संबंधित है, किंतु घर पर न रहने की वजह से वहां चर्चा जरा देर से पहुंची। अब इस कस्बे में रैना की शादी चर्चा के पायदान पर जबरदस्त नंबर बटोर रही है। कई उनके पैतृक घर तक पहुंचकर इस खुशी में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं, तो कई हाईप्रोफाइल शादी में आने वाले मेहमानों के कद का अंदाजा लगाने में मशगूल हैं। फिलहाल जैसे-जैसे लोगों में सूचना पहुंची, बड़ौत अपनी बिटिया के सौभाग्यवती होने की कामना बयां करता नजर आने लगा है। भले ही प्रियंका नीदरलैंड में रहती हैं, किंतु लोग उनके व्यक्तित्व में अपने गांव एवं कस्बे की खूबी भी ढूंढ रहे हैं।

दिल्ली में खरीदारी करने गया परिवार : अंसल कालोनी में रहने वाला प्रियंका का परिवार मंगलवार को खरीदारी के लिए नई दिल्ली गया। कालोनी में दो दिन की चहल-पहल के बाद आज मिलने पहुंचने वाले कई लोगों को मायूस लौटना पड़ा। आसपास के लोगों ने माना कि परिवार शादी की तैयारियों में पूरी तरह जुटा हुआ है। उनके यहां आने जाने वालों की संख्या बेशक बढ़ी हो, पर कालोनी में उनका घुलना-मिलना ज्यादा नहीं हुआ है। प्रियंका के दोनों भाई आइटी इंजीनियर हैं। शादी में तैयारियों का पूरा जिम्मा उन्हीं पर है। इसके लिए वह देश विदेश स्थित अपने दोस्तों से चैट कर मशविरा करने में जुटे हुए हैं।

जहां ने देखी रैना की दुल्हन

प्रियंका की एक तस्वीर अलग-अलग वेबसाइटों पर अपलोड की गई है। यह तस्वीर मेरठ में हुई प्रियंका की गोदभराई के समय की है। गुलाबी जोड़े में प्रियंका की खूबसूरती भी खूब फब रही है। प्रियंका की गोदभराई 12 मार्च को बाईपास स्थित एक होटल में की गई, जिसमें सुरेश रैना के माता-पिता एवं अन्य करीबी रिश्तेदार शामिल हुए थे। सभी इस हाईप्रोफाइल शादी के बारे में जानना चाह रहे हैं, किंतु परिवार वालों ने अभी शादीस्थल का खुलासा नहीं किया है। हालांकि उनके नजदीकियों का मानना है कि यह शादी लखनऊ में आयोजित की जाएगी। रिसेप्शन नई दिल्ली स्थित एक फार्महाउस पर होगा। रिसेप्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तक को आमंत्रित किया गया है। विवाह तीन अप्रैल को संभावित है।

[adrotate banner="2"]