लखनऊ। बसपा प्रमुख मायावती ने सलेमपुर के पूर्व सांसद रामशंकर राजभर को पार्टी से निकाल दिया है। उनपर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। रमाशंकर राजभर 2009 में बसपा के टिकट पर सलेमपुर सीट से सांसद चुने गए थे। 2014 के चुनाव में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया, जिससे वह चुनाव नहीं लड़ सके। हाल ही में बसपा प्रमुख ने उन्हें देवरिया जिले के रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का उम्मीदवार बनाने का संकेत दिया था।
इस सम्बन्ध में जब रमाशंकर राजभर से बात की गयी तो उन्होंने अपने निष्कासन को कुछ नेताओं द्वारा रची गयी साजिश का परिणाम बताया और कहा कि कुछ लोग मायावती को गुमराह कर समर्पित कार्यकर्ताओं को निकलवाने में लगे हैं ताकि मनमानी कर सकें। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व सोमवार को पूर्व सांसद दारा सिंह चौहान को बसपा से निष्कासित किया गया था। उन पर भी पार्टी ने अनुशासनहीनता का आरोप था। याद रहे कि पार्टी के आजमगढ़ मंडल यूनिट ने दारा सिंह द्वारा अनुशासनहीनता करने एवं बसपा विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने की रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट की विभिन्न सूत्रों से छानबीन कराने के बाद दारा सिंह पार्टी से निष्कासित कर दिए गए थे। पहले भी दारा सिंह को पार्टी से निष्कासित किया गया था लेकिन कुछ समय बाद माफी मांगने पर उन्हें फिर पार्टी में वापस ले लिया गया था।



