शहर में सलमान खुर्शीद का पुतला फूंक जगह जगह किया विरोध प्रदर्शन

Uncategorized

फर्रुखाबाद: केन्द्र सरकार के कानून मंत्री सलमान खुर्शीद व उनकी पत्नी पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद द्वारा संचालित जाकिर हुसैन ट्रस्ट में विकलांगों के नाम पर 71 लाख का घोटाला करने को लेकर उनके गृह जनपद फर्रुखाबाद के लोग काफी आहत हैं। जिसको लेकर सलमान खुर्शीद व लुईस खुर्शीद के पुतले फूंके जा रहे हैं। बीते दिन कायमगंज में व्यापारी व किसान नेताओं ने सलमान खुर्शीद का पुतला फूंक कर विरोध जताया। वहीं गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सलमान खुर्शीद का डीएन कालेज के सामने पुतला फूंक दिया और जोरदार नारेबाजी की।
सुबह लगभग 10 बजे ही डीएन कालेज गेट पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता इकट्ठे हुए जहां उन्होंने कानून मंत्री सलमान खुर्शीद का पुतला फूंक दिया। जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने सलमान खुर्शीद मुर्दाबाद के जमकर नारे लगाये। इस दौरान नगर मंत्री अखिल पाठक ने कहा कि पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच करायी जाये। नगर प्रमुख आलोक दुबे ने कहा कि विकलांग जैसे विषय पर हुआ घोटाला बहुत ही शर्मनाक है तथा भारत एवं फर्रुखाबाद की जनता को इससे आघात पहुंचा है। सह जिला संयोजक राजीव सिंह राठौर ने कहा कि ऐसे आरोपी कानून मंत्री को इस पद पर रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। इसकी जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देना चाहिए। नगर सह मंत्री नीरज पाल, प्रवीन दुबे, विट्टनलाल अग्निहोत्री ने कानून मंत्री द्वारा संचालित जाकिर हुसैन ट्रस्ट के संचालन पर रोक लगाने की मांग की है। दीपक यादव, अमित सक्सेना, अभिषेक, रवी, राहुल रंजन, अमित दुबे, अखिल पाठक मौजूद रहे।

इण्डिया अगेंस्ट करप्शन भी सलमान पर कार्यवाही के लिए अड़ा
फर्रुखाबाद: देश के कानून मंत्री व फर्रुखाबाद के सांसद सलमान खुर्शीद व उनकी पत्नी लुईस पर आरोपों का दौर अब तेज होता जा रहा है। जहा एक तरफ कांग्रेस पार्टी इस सम्बंध में कोई विशेष टिप्पणी करने के लिए तैयार नहीं वहीं दूसरी तरफ विपक्षी पार्टियां व सामाजिक संगठनों ने मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिसके चलते इण्डिया अगेंस्ट करप्शन ने सलमान को इस्तीफा देने के साथ-साथ उन पर कार्यवाही की मांग की है।

सलमान खुर्शीद व उनकी पत्नी लुईस खुर्शीद के माध्यम से चलाये जा रहे जाकिर हुसैन मेमोरियल ट्रस्ट में विकलांगों के लिए केन्द्र सरकार से लाखों रुपये लेकर हड़पने का आरोप लगने के साथ ही पूरे देश में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। जिसके चलते शहर में आज कई जगह मंत्री व उनकी पत्नी के विरोध में बैठकें कर पुतले जलाये गये। इण्डिया अगेंस्ट करप्शन व सर्वोदय मण्डल के कार्यकर्ताओं ने इस्माइलगंज सानी में बैठक कर सलमान खुर्शीद व उनकी पत्नी लुईस खुर्शीद के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की। इस दौरान एडवोकेट लक्ष्मण सिंह व गोपालबाबू पुरवार ने कहा कि सलमान को तत्काल पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। इण्डिया अगेंस्ट करप्शन उन्हें अब जनपद में घुसने से रोकेगा। क्योंकि अब जिले को उनकी कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने मांग की कि मंत्री जी इस्तीफा दें। संगठन ने कहा कि शुक्रवार को संगठन के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना प्रदर्शन करेंगे और विधि मंत्री का पुतला फूंकेंगे। गुरुवार को इण्डिया अगेंस्ट करप्शन के कार्यकर्ताओं ने चौक बाजार में भी प्रदर्शन किया।