सीडीओ को डीएम का चार्ज मिलते ही विकासभवन में कर्मचारियों की मौज

Uncategorized

फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी मुथुकुमार स्वामी के छुट्टी पर जाने के बाद मुख्य विकास अधिकारी ईश्वरीय प्रसाद पाण्डेय को डीएम का चार्ज मिलने से मुख्य विकास कार्यालय में फिलहाल 15 दिन तक कर्मचारियों की पूरी मौज है। विकासभवन में अधिकारी व कर्मचारी  न ही समय से बैठ रहे हैं और न ही कार्यालय ही समय पर खोले जा रहे हैं। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति का पूरा लाभ कर्मचारी कटी हुई पतंग की तरह लूट कर ले रहे हैं।

जिलाधिकारी मुथुकुमार स्वामी पांच दिन पूर्व लम्बे अवकाश पर चले गये। जिसका पूरा आनंद उनके पदेन अधिकारी ले रहे हैं। विकास भवन की तो स्थिति ही गड़बड़ा गयी है। मुख्य विकास अधिकारी ईश्वरीय प्रसाद पाण्डेय को वर्तमान में जिलाधिकारी के छुट्टी चले जाने के बाद उनका चार्ज दे दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी प्रातः कार्यालय खुलते ही जिलाधिकारी कार्यालय में फरियादियों की समस्यायें सुनने के लिए पहुंच जाते हैं। जिसका पूरा आनंद विकास भवन के सम्बंधित कर्मचारी व अधिकारी ले रहे हैं। विकास भवन के पशु चिकित्सा विभाग, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के अलावा अन्य दूसरे विभागों के कर्मचारी व अधिकारी नियत समय पर कार्यालय से नदारद दिखे। दोपहर दो बजे तक कोई भी कर्मचारी इन विभागों में झांकने नहीं पहुंचा। फिलहाल 22 सितम्बर तक जिलाधिकारी अवकाश पर रहेंगे। जिस पर विकास भवन व अन्य विभागों के कर्मचारी पूरी तरह से मौज मार रहे हैं।