अवैध वसूली के आरोप में टैक्सी यूनियन अध्यक्ष हिरासत में

Uncategorized

फर्रुखाबाद: शहर क्षेत्र के रोडवेज बस अड्डे के पास टैक्सी चालकों से अवैध वसूली के आरोप में सीओ सिटी विनोद कुमार सिंह ने टैक्सी यूनियन के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता को हिरासत में ले लिया।

सीओ सिटी विनोद कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ दोपहर शहर का दौरा कर रहे थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि टैक्सी चालकों से अवैध वसूली की जा रही है। अवैध वसूली के आरोप में उन्होंने रसीदों सहित टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता को हिरासत में लेने के आदेश दे दिये। अनिल कुमार गुप्ता ने सीओ सिटी को बताया कि वह टैक्सी यूनियन का जिलाध्यक्ष है और संगठन चलाने के लिए टैक्सी चालकों की रसीद काट रहा है। जिस पर सीओ सिटी ने अनिल गुप्ता की रसीदबुक देखी जिसमें न तो गाड़ी का नम्बर था और न ही उसका पता। जिस पर सीओ सिटी ने अनिल गुप्ता से कहा कि यह पूरी तरह से अवैध वसूली है। इसमें न तो टैक्सी का नम्बर है और न ही ड्राइवर का नाम। जिस पर अनिल गुप्ता ने कहा कि जिसकी रसीदें कट रहीं हैं उनकी टैक्सी नम्बर व नाम यूनियन के कार्यालय में दर्ज हैं। सीओ सिटी ने अनिल गुप्ता को हड़काते हुए कहा कि यह अवैध वसूली है और इसको तत्काल बंद करो। नही ंतो जेल जाओगे और शहर कोतवाल विजय बहादुर सिंह को निर्देश दिये कि अनिल गुप्ता को हिरासत में लेकर इससे लिखित रूप में ले लो कि इस तरह की अवैध वसूली अब यह नहीं करेगा। दोबारा अवैध वसूली करता हुआ पाया जाये तो तत्काल चालान काट दें। इसके बाद शहर कोतवाल विजय बहादुर सिंह ने टैक्सी यूनियन के जिलाध्यक्ष सहित दो अन्य युवकों को हिरासत में ले लिया व कोतवाली ले गये।