अखिलेश ने माया का फैसला पलटा, बदले 8 जिलों के नाम

Uncategorized

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में आठ जिलों के नाम एक बार फिर बदले गए हैं। कांग्रेस महासचिव राहुल गाँधी का लोकसभा क्षेत्र अमेठी अब गौरीगंज नाम से जाना जायेगा, पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने इस जिले का नाम छत्रपति शाहूजी महाराज नगर रखा था। वहीँ प्रदेश के अधिकतर जिलों के नाम पुराने ही रहेंगे जिन्हें मायावती ने अपने कार्यकाल में बदले थे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 8 जिलों के नाम बदल दिए हैं। गौरतलब है की ये वे जिले हैं, जिनके नाम माया सरकार ने बदल दिए थे। आज से छत्रपति शाहूजी महाराज नगर का नाम गौरीगंज है। पहले इस जिले का नाम अमेठी था। इसका नाम बदल कर माया सरकार ने शाहूजी महाराज नगर रख दिया था।

इसके साथ ही आज से पंचशील नगर का नाम हापुड़, ज्योतिबा फूले नगर का नाम अमरोहा, महामाया नगर का नाम हाथरस, कांशीराम नगर का नाम कासगंज, रमाबाई नगर का नाम कानपुर देहात, प्रबुद्ध नगर का नाम शामली और भीमनगर का नाम बदलकर बहजोई कर दिया गया है।

इसके साथ ही बदलाव का वो क्रम जारी है जो माया सरकार के पतन के बाद सत्ता में आयी सपा सरकार ने आरंभ किया था| यहाँ ये जान लेना भी लाजमी है कि सपा सरकार माया के अधिकतर निर्णयों को जहाँ बदल रही है वहीँ माया के शासन में भ्रष्टाचार की प्रदेश में नयी इबारत गढ़ने वाले अधिकारी अभी भी मलाई काट रहे हैं, उनपर सरकारी चाबुक नहीं चल रहा है|