रीता गंगवार ने शालिनी गुप्ता को 516 मतों से किया पराजित

Uncategorized

कायमगंज (फर्रुखाबाद) : नगर पालिका परिषद कायमगंज से शरद गंगवार की पत्नी रीता गंगवार ने 8080 मत पाकर अध्यक्ष पद का ताज अपने नाम कर लिया। रीता गंगवार ने शलिनी गुप्ता को 516 मतों से पछाड़ दिया। शालिनी गुप्ता को मात्र 7564 मत ही प्राप्त हो सके।

कायमगंज नगर पालिका परिषद से अध्यक्ष पद के लिए पहले से ही रीता गंगवार को मजबूत प्रत्याशी के रूप में जाना जा रहा था। चुनाव परिणामों ने उनके सपनों को 516 मतों की बढ़त दिलाकर साकार कर दिया। रीता गंगवार को 8080 मत तथा शालिनी गुप्ता को 7564, भाजपा प्रत्याशी मंजू देवी को 643, अंजू गंगवार को 326, नूरबानो को 401, मीना कुमारी को 204, भारतीय किसान यूनियन की प्रत्याशी राशि बाथम को 575, श्यामा देवी को 48 मतों के प्राप्त होने की घोषणा की गयी। इस प्रकार कुल बैध मत 17841, रद्द मत 1089, कुल मतों की संख्या 18930 की घोषणा की गयी।

रीता गंगवार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी प्रत्याशी शालिनी गुप्ता को 516 मतों से पराजित कर जीत का ताज पहना। उनके विजयी होते ही साथ आये समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गयी। मतगणना स्थल के बाहर रीता गंगवार जिंदाबाद, डा0 शरद जिंदाबाद के नारे गुंजायमान हो उठे। इसी के साथ वे अपने नेता के बाहर आने का इंतजार करने लगे। उनके बाहर आते ही लोगों ने उन्हें फूलमाला पहना कर खुशी का इजहार किया। वहीं रीता गंगवार एवं उनके पति डा0 शरद गंगवार को मिठाइंया भी खिलायीं। नगर में जगह जगह रीता गंगवार के समर्थकों ने भारी मात्रा में मिठाइंया बांटी।