भाजपा नेता के भाई का अपहरण, बाइक मार्ग पर पड़ी मिली

Uncategorized

मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद): कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम कान्हेंपुर निवासी भाजपा के जिला महामंत्री कुलदीप दुबे के चचेरे भाई दूधिया सूर्यकांत दुबे पुत्र रामानंद दुबे का अपहरण कर उसकी बाइक व दूध के डिब्बे गांव के ही किनारे मुख्य मार्ग पर फेंक दिये गये। क्षेत्रीय ग्रामीणों के अनुसार चौकी पुलिस की निष्क्रियता व लापरवाही से घटना घटी है।

जनपद में पुलिस की लापरवाही से आये दिन लूटपाट, राहजनी, ठगी इत्यादि का धंधा जोरों से पनप रहा है। अपराधियों पर पुलिस का रत्ती मात्र नियंत्रण नहीं रह गया है। अपराधी चोरी, लूट को खुलेआम अंजाम दे रहे हैं। वहीं पुलिस चोरी, लूट, अपहरण की घटनाओं को सिर्फ खुली आंखों से देखने के अलावा कुछ नहीं कर रही है। जिससे अब लोगों में भय व्याप्त होने लगा है।

कान्हेंपुर निवासी दूधिया सूर्यकांत दुबे पुत्र रामानंद दुबे गुरुवार की रात साढ़े आठ बजे दूध की डेरी पर दूध डालने गया था लेकिन देर रात तक जब वापस नहीं लौटा तो परिजनों को शक हुआ। तभी परिजनों ने सोचा कि वह पड़ोसी गांव में ही रुक गया होगा। सुबह आ जायेगा। लेकिन सुबह तक दूधिया सूर्यकांत दुबे घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों का शक हकीकत में बदलता नजर आया। आनन फानन में दूधिया के परिजन दूधिया को खोजने के लिए निकल पड़े।

दूधिया सूर्यकांत के घर काम करने वाले युवक निर्मल उसे देखने के लिए गया तो कान्हेंपुर के पास मार्ग पर उसकी मोटरसाइकिल संख्या ए एस 23ए/4535 स्पलेंडर व दूध के डब्बे पड़े मिले। परिजनों का कहना है कि हमारी किसी से रंजिश नहीं है। सूर्यकांत का अपरहण कर लिया गया है। मदनपुर चौकी इंचार्ज सियाराम गंगवार भी मौके पर पहुंच गये। चौकी प्रभारी परिजनों से बोले हो सकता है कि दूधिया सूर्यकांत का एक्सीडेंट हो गया हो। किसी व्यक्ति ने अस्पताल में भर्ती करवा दिया हो। क्षेत्र के अस्पतालों में दिखवा लो।
वहीं परिजनों का कहना है कि यदि गांव के पास एक्सीडेंट होता तो किसी न किसी को सूचना अवश्य मिल जाती। भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री कुलदीप दुबे का कहना है कि आये दिन मुख्य मार्ग पर राहजनी, चोरी, लूट इत्यादि की घटनायें होती रहती है। इसी का अंजाम यह घटना है। आये दिन चौकी इंचार्ज की लापरवाही इस तरह की घटनायें घटती हैं।

कुलदीप दुबे पुत्र ब्रहमानंद दुबे  ने थाना मोहम्मदाबाद में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करायी है।