मनरेगा घोटाला: प्रधानजी और सचिव ने जिन्दा मुर्दा और भावी पीड़ी के भी जॉब कार्ड बनाये

Uncategorized

फर्रुखाबाद: विकासखण्ड कमालगंज के ग्राम कुन्दन गनेशपुर में ग्राम प्रधान व ग्राम विकास अधिकारी की मिलीभगत से फर्जी नाम मनरेगा सूची में दर्शाकर हजारों रुपये निकाल लिये। वहीं पहले से ही सरकार द्वारा जिन लोगों को पेंशन दी जा रही है उनके मनरेगा के अन्तर्गत जॉब कार्ड बनाये गये हैं। इस सम्बंध में गांव के ही अबधेश सिंह पुत्र गुबरेलाल ने जिलाधिकारी मुथुकुमार स्वामी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्व कार्यवाही कराने की मांग की है।

जिलाधिकारी को सौंपे गये पत्र में अबधेश सिंह ने कहा है कि कुन्दन गनेशपुर के प्रधान व से सेक्रेटरी ने मनरेगा सूची में अंगद पुत्र भारत सिंह उम्र 30 वर्ष जाब कार्ड संख्या 27683 दर्शाया है जबकि गांव में इस नाम का कोई भी व्यक्ति नहीं है। वहीं मुन्नीदेवी पत्नी भारत सिंह उम्र 35 वर्ष जाब कार्ड संख्या 2781 मनरेगा सूची में दर्शाया गया है जबकि मुन्नीदेवी पत्नी भारत सिंह पहले से ही वृद्वावस्था पेंशन ले रही है जिसके अनुसार उसकी आयु 63 वर्ष है। जिसका आर्यावर्त ग्रामीण बैंक चुरसई में खाता संख्या 12596 दर्ज है।

दयाराम पुत्र चिरौंजी लाल उम्र 42 वर्ष जाब कार्ड संख्या 27718 मनरेगा सूची में दर्शायी गयी है जबकि दयाराम पुत्र चिरौंजीलाल को वृद्वावस्था पेंशन मिल रही है जिसके अनुसार उसकी उम्र 85 वर्ष है। जिसका रुनी चुरसई में आर्यावर्त ग्रामीण बैंक में खाता संख्या 7576 है।

रामसनेही पुत्र गंगाराम उम्र 50 वर्ष कार्ड संख्या 27673 का नाम मनरेगा सूची में है जबकि वृद्वावस्था पेंशन लिस्ट में रामसनेही पुत्र गंगाराम आर्यावर्त ग्रामीण बैंक रुनीचुरसई के खाता संख्या 4237 से पेंशन पा रहे हैं।

वहीं गंगाराम पुत्र रूपलाल उम्र 40 वर्ष जाबकार्ड संख्या 27687 व रामबीर पुत्र रूपलाल उम्र 20 वर्ष जाबकार्ड संख्या 27687 नाम का कोई व्यक्ति गांव में नहीं है।

नरेशचन्द्र पुत्र मुंशीलाल उम्र 34 वर्ष जाब कार्ड संख्या 27697 का नाम मनरेगा सूची में दर्ज है जबकि नरेशचन्द्र पुत्र मुंशीलाल नेत्रों से 100 प्रतिशत विकलांग है। जिसे बिलकुल दिखायी नहीं देता।

देवी दयाल पुत्र गंगाराम उम्र 36 वर्ष जाब कार्ड संख्या 27828 मनरेगा सूची में दर्ज है जबकि इन्हीं का नाम देवीदयाल पुत्र मंगूलाल उम्र 65 वर्ष दिखाकर आर्यावर्त ग्रामीण बैंक के खाता संख्या 2455 से वृद्वावस्था पेंशन निकाली जा रही है।

हरीराम पुत्र लंकुशराम उम्र 25 वर्ष जाबकार्ड संख्या 27805 मनरेगा सूची में अंकित है जबकि हरीराम पुत्र लंकुश उम्र 63 वर्ष आर्यावर्त ग्रामीण बैंक शाखा रुनी चुरसई के खाता संख्या 5705 से वृद्वावस्था पेंशन पा रहे हैं।

मोहन पुत्र गिरवर उम्र 32 वर्ष के नाम से दो जॉबकार्ड संख्या 27656 व 27612 मनरेगा में दर्ज है और मोहन पुत्र गिरवर ग्रामीण बैंक रुनी चुरसई के खाता संख्या 7744 से वृद्वावस्था पेंशन भी निकाली जा रही है।

वहीं सिपाहीलाल पुत्र बाबूराम जॉबकार्ड संख्या 27825 है जिसकी 36 दिन की ड्यूटी 1 जुलाई 2011 से 8 अगस्त 2011 तक मस्टररोल में लगी है। जबकि सिपाहीलाल 5 जुलाई 2011 से 10 जुलाई 2011 तक फर्रुखाबाद के जोगराज हास्पिटल में बीमार अव्स्था में भर्ती रहा। इतना ही नहीं सिपाहीलाल कुन्दन गनेशपुर का रहने वाला भी नहीं है वह ग्राम पट्टिया छेदा सिंह का मूल निवासी है।

अबधेश सिंह ने कुन्दन गनेशपुर के प्रधान व ग्राम विकास अधिकारी द्वारा मनरेगा में किये गये फर्जीबाड़े की जांच कराकर कार्यवाही किये जाने की मांग की है।