भगोड़े अध्यापकों की शामत, नये डीएम ने चार्ज लिया

Uncategorized

फर्रुखाबाद: नये जिलाधिकारी मुथु कुमार स्वामी ने बुधवार सायंकाल में यहां पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। मीडियाकर्मियों से वार्ता के दौरान उन्होंने अन्य प्राथमिकताओं के अतिरिक्त शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि स्कूल न जाने वाले अध्यापकों के विरुद्व सख्त कार्रवाई की जायेगी। विद्यालय भवन निर्माण की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जायेगा।

वर्ष 2007 के आई ए एस अधिकारी मुथु कुमार स्वामी ने बुधवार अपरान्ह महोबा से यहां पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने कहा कि विकास, शांति व्यवस्था और राजस्व संग्रह तीनो एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। इसलिए सभी पहलुओं पर ध्यान केन्द्रित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य किसी भी समाज के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण पहलू होते हैं। इसलिए इन पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि अस्पतालों, स्कूलों में चिकित्सकों व शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सम्बंधित अधिकारियों को जिम्मेदार बनाया जायेगा व दोषी पाये जाने पर सम्बंधित के विरुद्व भी सख्त कार्रवाई की जायेगी। खराब गुणवत्ता के विद्यालय भवन निर्माण के विषय में चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि खराब गुणवत्ता पाये जाने पर सम्बंधित भवन निर्माण प्रभारियों के विरुद्व दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी।

शस्त्र लाइसेंस जारी किये जाने के विषय में उन्होंने कहा कि आवश्यक दिशा निर्देशों का पालन किया जायेगा। राजनैतिक हस्तक्षेप के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि यह बहुत आवश्यक है यदि सही दिशा में हो तो।