बारात किसी की आयी, मांग किसी और ने भरी…………………

Uncategorized

फर्रुखाबादः कहते हैं कि रिश्ते ऊपर वाला आसमान में बनाता है। सिर्फ उसका मिलन धरती पर होता है। यह कहावत आज सत्य साबित हो गयी। मोहल्ले में फिल्मी गीतों की धुन गूंज रही थी। सारे मेहमान खाना खाने और बारात का स्वागत करने में लगे हुए थे। भली प्रकार बारात आयी। बारातियों ने छक कर खाना खाया। द्वारचार के दौरान दूल्हा जब पहुंचा तो मौजूद पण्डित ने जब उसकी जांच पड़ताल के लिए उससे पूछा कि उसका गोत्र कौन सा है तो उसके द्वारा गलत गोत्र बताने से लड़की प़़क्ष में हड़कंप मच गया। बारात बैरंग लौटा दी।

शहर के मोहल्ला हाता करम खां पन्डाबाग के पीछे निवासी स्व0 वेदराम की पुत्री पूनम की बीती रात बारात आयी थी। द्वारचार के समय दूल्हे से गोत्र पूछने पर जाति का खुलासा हुआ। सजातीय न होने पर दुल्हन के चाचा रमेश ने बारात वापस कर दी। बाद में दुल्हन के बुआ के लड़के से शादी कर दी गयी।

दुल्हन पूनम के चाचा रमेश ने शहर के ही निवासी मझिया सकटे के माध्यम से प्रेमचन्द्र पुत्र स्व0 रामनाथ शर्मा निवासी बहबलपुर कंपिल कायमगंज से शादी तय की थी। कल रात पूनम की बारात आयी थी। बारात चढ़ रही थी। बाराती खाना भी खा चुके थे।
द्वारचार के समय पण्डित द्वारा लड़के से गोत्र पूछे जाने पर उसकी जाति का खुलासा हुआ। लड़की वाले बढ़ई है। लड़का लुहार निकला। काफी कहासुनी के बाद बारात वापस हो गयी। अचानक शादी में आये इस भयानक हड़कंप से सभी का दिल दुखी था। अब लड़की वालों ने शाहजहांपुर के कुर्रिया कांठ निवासी अमित पुत्र मुरारी से शादी कर दी। अमित लड़की के बुआ का लड़का है।
वहीं प्रेमचन्द्र पुत्र स्व0 रामनाथ शर्मा की बारात वापसी की चर्चा सूर्या होटल के पीछे पल्ला जटवारा निवासी लोहार गंगाराम शर्मा को हुई तो लड़का पक्ष से बात करके गंगाराम ने प्रेमचन्द्र से अपनी पुत्री सोनी की शादी कर दी। अब इधर प्रेमचन्द्र व सोनी पति पत्नी के रिश्ते में बंध गये। मोहल्ले में इस अनोखी शादी की चर्चा जोरों पर है।
इससे कहावत सिद्ध होती है आये थे हरि भजन को, ओटन लगे कपास।