फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरों)राजपूत रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड में रिकूट्स ने पूरे जोश, उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। अग्निवीरों के माता-पिता एवं परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और अपने बच्चों को दमकती सैनिक वर्दी में देखकर भावुक हो उठे। 31 सप्ताह के कठिन और अनुशासित प्रशिक्षण के उपरांत इन जवानों ने कर्तव्य, सम्मान और बलिदान के सर्वोच्च मूल्यों को आत्मसात किया| राजपूत रेजिमेंटल सेंटर फतेहगढ़ में कुल 427 अग्निवीरों और 138 प्रादेशिक सेना रिक्रूटों, कुल 565 जवानों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। अग्निवीर बैच 06 से अग्निवीर (रिक्रूट) यश चौहान को उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ओवरऑल बेस्ट इन मेरिट हेतु बेस्ट अग्निवीर पदक प्रदान किया गया, जिसके दौरान परेड ग्राउंड तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।कमांडेंट, राजपूत रेजिमेंट सेंटर फतेहगढ़ ब्रिगेडियर माईकल डिसूजा, युद्ध सेवा मेडल ने सभी अग्निवीर एवं रिक्रूट्स को राष्ट्र सेवा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राजपूत परिवार का हिस्सा बनना अत्यंत गौरवपूर्ण है और अब समय है कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं अनुशासन को राष्ट्रहित में समर्पित किया जाए। उन्होंने बदलते युद्ध स्वरूप एवं सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए निरंतर नई तकनीकों को सीखने पर भी बल दिया। भव्य परेड का निरीक्षण ब्रिगेडियर माईकल डिसूजा द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व परेड कमांडर अग्निवीर (रिक्रूट) दुष्यंत प्रताप सिंह ने शानदार ढंग से किया। अग्निवीरों के ऊँचे कदमों की थाप से पूरा परिसर गूंज उठा और उपस्थित अतिथिगण रोमांचित हो उठे।परेड के बाद 5 राजपूत की पैरा मोटर ग्लाइडिंग टीम ने अद्भुत हवाई कलाबाज़ी का प्रदर्शन किया, जिसने सभी का मन मोह लिया। इस दौरान अग्निवीरों के सम्मान में पुष्प वर्षा की गई, जिसने समारोह को और अधिक भावनापूर्ण और गौरवशाली बना दिया। पैरा मोटर शो के पायलट नायक दीपक सिंह भदौरिया रहे, जिन्होंने अपने अद्वितीय कौशल से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
565 अग्निवीर एवं रिक्रूट राष्ट्र सेवा के लिए हुए तैयार,पासिंग आउट परेड में दिखा जोश और उत्साह



