विकास व कानून व्यवस्था की समीक्षा, लाभार्थियों को सौगातें

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पर्यटन एवं संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश के मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत में कृषि विभाग के सौजन्य से श्यामचरण (भूलनपुर चिरपुरा, कमालगंज) एवं प्रदीप कुमार (जिठौली, राजेपुर) को 10 लाख रुपये मूल्य के कस्टम हायरिंग सेंटर की चाबी प्रदान की गई, जिस पर 4 लाख रुपये की सब्सिडी मिलती है। इसके बाद मत्स्य विभाग के लाभार्थी को मोपेड की चाबी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के तहत 5 लाभार्थियों को ट्राई साइकिल वितरित की गई।
प्रभारी मंत्री ने पर्यटन विभाग द्वारा तैयार फर्रूखाबाद के पर्यटन स्थलों का गाइड मैप जारी किया। इस दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने मंत्री को हर्बल गुलाल भेंट किया। स्किल इंडिया प्रतियोगिता 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आईटीआई फर्रूखाबाद के छात्रों को 2 स्वर्ण व 1 रजत पदक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 2 लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपी गई।
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 226 स्वयं सहायता समूहों की प्रतिनिधि रेनू व रूपा को 5.65 लाख रुपये का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया। बाबा साहब अम्बेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना (वित्तीय वर्ष 2025-26) के 5 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
सोलर पंप के लिए चयनित 3 लाभार्थियों, वृद्धावस्था पेंशन के 5 लाभार्थियों तथा उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के 2 बच्चों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना के 5 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिए गए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 5 लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए तथा कृषि विभाग द्वारा 5 किसानों को मूंग बीज मिनी किट प्रदान की गई।
समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
मंत्री ने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। सीएम डैशबोर्ड पर खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों को कार्यप्रणाली सुधारने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी को पंचायती राज विभाग के 15वें वित्त आयोग में बी रैंक आने पर स्वयं पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए।
विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि ने कन्या सुमंगला योजना के प्रचार-प्रसार की कमी की शिकायत की, जिस पर मंत्री ने ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक प्रचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इटावा-बरेली हाईवे की पुनः जांच के लिए कमेटी गठित करने तथा कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने बताया कि पर्यटन विभाग “नींव करौरी सर्किट” विकसित करने जा रहा है, जो लखनऊ व दिल्ली से जुड़ा होगा और क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देगा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक सदर मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि, जिलाध्यक्ष भाजपा फतेहचंद वर्मा, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।