फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के गांव लीलापुर में अनुसूचित वस्तु (राशन) विक्रेता की दुकान के चयन को लेकर आयोजित बैठक में वाद-विवाद और हंगामा होने से प्रक्रिया निरस्त कर दी गई।
गौरतलब है कि करीब एक वर्ष पूर्व अनियमितताओं के आरोप में गांव की कोटा दुकान निलंबित कर दी गई थी। पुनः चयन प्रक्रिया के तहत ग्राम प्रधान उदयभान द्वारा गांव में डुगडुगी पिटवाकर ग्रामीणों को एकत्र किया गया। चयन के लिए दो महिलाएं—रिया सिंह चौहान पत्नी सनी तथा मनीषा पत्नी प्रदीप ने दावेदारी पेश की।
बैठक के दौरान दोनों प्रत्याशियों के परिजनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे बढ़कर विवाद में बदल गई। सूचना पर एडीओ एसवी विकास सक्सेना, सचिव नौशाद अहमद, शिव सिंह, मानवेंद्र प्रताप सिंह और राजीव सुमन मौके पर पहुंचे। इसी दौरान एक प्रत्याशी की तबीयत बिगड़ गई, जिस पर अधिकारियों ने बैठक को अगले दिन के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया।
बताया गया कि पुलिस बल की अनुपस्थिति में दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। ग्राम प्रधान उदयभान के अनुसार, पुलिस व्यवस्था न होने से कहासुनी बढ़ी।
गांव में कुल लगभग 83 अंत्योदय और करीब 400 पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक हैं। कुल आबादी लगभग 6000 बताई गई है, जबकि मतदाताओं की संख्या करीब 2300 है। एडीओ एसवी विकास सक्सेना ने बताया कि अगली बैठक अब अमृतपुर तहसील परिसर में पुलिस बल की मौजूदगी में कराई जाएगी, ताकि चयन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
राशन कोटा चयन कों लेकर दो पक्षो में विवाद, प्रक्रिया निरस्त



