फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) साले के बेटे के घर भरखा पट्टी में दावत खाने के बाद लौट रहे परिवार के साथ रविवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। राजेपुर थाना क्षेत्र में चाचूपुर के निकट ट्रैक्टर की टक्कर से ई-रिक्शा सवार 5 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि नाना-नानी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव करनपुरदत्त निवासी देवीसहाय राजपूत (55) अपनी पत्नी 50 वर्षीय सरवन देवी और बेटी सदावती के पांच वर्षीय पुत्र आशीष पुत्र पिंटू राजपूत के साथ भरखा पट्टी स्थित रिश्तेदारी में दावत में शामिल होने गए थे। शाम करीब सात बजे वे ई-रिक्शा से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान चाचूपुर के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन पलट गया। हादसे में चालक रामनिवास सहित सभी सवार घायल हो गए। एंबुलेंस की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मृतक आशीष का एक वर्ष का छोटा भाई भी है। घटना के बाद परिवार में शोक व्याप्त है।
थाना राजेपुर थाना के प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैक्टर की भिड़ंत में मासूम बालक की मौत, तीन घायल



