20 क्वार्टर शराब भेज दो, किसी कों बंद करना है!

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कोतवाली कायमगंज में तैनात दरोगा और एक कैंटीन संचालक के बीच कथित बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल ऑडियो में दरोगा द्वारा 20 क्वार्टर शराब की मांग किए जाने की बात सामने आई है। मामला सार्वजनिक होते ही पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश दे दिए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और तथ्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की
जानकारी के अनुसार, कोतवाली कायमगंज में तैनात दरोगा जगदीश वर्मा और बिलौना ग्राम निवासी कैंटीन संचालक श्यामू पाल के बीच हुई कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। ऑडियो में दरोगा कथित तौर पर कैंटीन कह रहे हैं कि जिस जमीन पर मुकदमा चल रहा है, उस पर टीनशेड डाला जा रहा है। इसके साथ ही 20 क्वार्टर शराब की व्यवस्था करने की बात कही गई है और यह भी कहा गया है कि “किसी को जेल भेजना है।” शराब थाने भिजवाने या स्वयं आकर ले जाने की बात भी ऑडियो में सुनाई देने का दावा किया जा रहा है।
मामले पर दरोगा जगदीश वर्मा का कहना है कि ऑडियो पुराना है और इसे प्रसारित करने वाला एक शराब कारोबारी है, जिस पर हत्या व गैंगस्टर समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उनका दावा है कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सबूत जुटाने के उद्देश्य से उसे विश्वास में लेने के लिए ऐसी बात कही गई थी। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि मामले की जांच सीओ कायमगंज को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।