अमित शाह आज कसेंगे यूपी भाजपा का पेंच

Uncategorized

amit-shahलखनऊ: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज बुलंदशहर में उत्तर प्रदेश भाजपा के पेंच कस रहे हैं। शाह क्षेत्रीय बैठक में 35 जिलों की सदस्यता की समीक्षा करेंगे। इस बैठक में पश्चिम, ब्रज तथा बरेली क्षेत्र के 35 जिलों के 246 पदाधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।

बुलंदशहर के स्नेहा गार्डन में इस क्षेत्रीय बैठक लेकर 35 जिलों के पदाधिकारी लंबे समय से तैयारी कर रहे थे। बैठक के लिए भाजपा प्रदेश कार्यालय से जारी सूची में सांसद, विधायक को एंट्री नहीं मिलेगी। सिर्फ इन जिलों के जिलाध्यक्षों, सदस्यता प्रमुखों, जिला प्रवासियों व प्रदेश कार्यकारिणी पदाधिकारियों को बैठक में शामिल होने की अनुमति दी गई है। हाल में निर्धारित लोगों के बैठने का इंतजाम है।

सदस्यता कोटा पूरा करने में जुटे भाजपाई

प्रदेश में डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य पूरा करने में सुस्त पड़े भाजपा संगठन को गति देने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज बुलंदशहर में तीन क्षेत्रीय समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। बैठक में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, महामंत्री संगठन सुनील बंसल, प्रदेश सदस्यता प्रभारी स्वतंत्र देव सिंह भी हैं।

अमित की ‘पाठशाला’ में 246 ‘विद्यार्थी’

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेई, प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल, राष्ट्रीय मंत्री अरुण सिंह सहित क्षेत्र के सभी बड़े नेता शामिल होंगे। इस पाठशाला में 246 लोग होंगे।

कार्ड से एंट्री

अमित शाह की बैठक में आने वाले पदाधिकारियों को भी कार्ड के जरिए एंट्री दी जाएगी। उन्हीं पदाधिकारियों को कार्ड जारी किए जाएंगे, जिनके नाम सूची में है। मीडिया को सिर्फ उद्घाटन सत्र में फोटोग्राफ के लिए प्रवेश के लिए अनुमति दी जाएगी। बाकी सत्र में मीडिया को अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी।

नेताओं में शाह को झलक दिखाने की होड़

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की ‘पाठशाला’ में शरीक न होने वाले पदाधिकारी अपनी झलक दिखाने में जुट गए हैं। छोटे नेताओं से लेकर सांसद तक और गैर जनपदों के नेताओं के होर्डिंग्स लगे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष की पाठशाला में बुलंदशहर के सांसद भोला सिंह, विधायक विमला सोलंकी सहित जिले के कोई भी पदाधिकारी सम्मिलित नहीं होंगे।