यूपी सरकार ने माना, प्रदेश में रंगदारी वसूली बढ़ी

Uncategorized

akhileshलखनऊ :सूबे में खराब कानून व्यवस्था के मामले में रोज किरकिरी झेल रही उत्तर प्रदेश सरकार ने आज विधानसभा के प्रश्नोत्तर काल में माना कि प्रदेश में रंगदारी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। राष्ट्रीय लोकदल के दल नेता दलवीर सिंह के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री की ओर से बताया गया कि वर्ष 2013-14 में कुल 426 रंगदारी वसूली के मामले दर्ज किए गए जबकि 364 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। 2011-12 में 278 मामले दर्ज करने के साथ ही 230 आरोपी जेल भेजे गए थे। रंगदारी वसूली 2012-13 में भी बढ़ोत्तरी पर रही, तब 322 प्रकरणों की रिपोर्ट दर्ज की गयी और 255 लोग गिरफ्तार किए गए।

घटा बाल यौन शोषण

गत वर्षों की तुलना में प्रदेश में बाल यौन शोषण के अपराध में कमी आई है। सुनील यादव के प्रश्न पर मुख्यमंत्री की ओर से जवाब में बताया गया कि 31 दिसबंर 2014 तक एससीआरवी आंकड़ों के मुताबिक 222 बाल यौन शोषण की घटनाएं हुई। जबकि 2012 में बलात्कार की 1040 और वर्ष 2013 में 1381 घटनाएं घटी थी। रोकथाम को प्रभावी उपाय करने की दिशा में पास्को अधिनियम लागू करने के साथ किशारों के प्रति अपराध नियंत्रण को 1098 व 1090 हेल्पलाइन स्थापित किए जाने की जानकारी दी।

वूमेन पावर लाइन पर 370 एफआइआर

वूमेन पावर लाइन पर 3,16,581 शिकायतें प्राप्त होने और 3,13,670 निस्तारित होने की जानकारी दी गई। बताया गया कि 370 एफआइआर दर्ज करने के साथ 120 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, 2011 मामलों में निस्तारण प्रक्रिया चल रही है।

आबादी के सापेक्ष पुलिस बल कम

भाजपा के रविंद्र भड़ाना के सवाल पर सरकार ने स्वीकारा कि जनसंख्या के अनुपात में प्रदेश में पुलिस बल और थाने कम है। मानकों की पूर्ति करने को निरीक्षक-1017, उप निरीक्षक- 7115, मुख्य आरक्षी-40824, आरक्षी- 1,51,726, कन्सोल आपरेटर- 3152 तथा चतुर्थ श्रेणी के 118 पदों समेत कुल 2,03,864 पद सृजित किए गए है।

पुलिस को मिलेंगे आधुनिक वाहन

राष्ट्रीय लोकदल के दलवीर सिंह प्रश्न पर संसदीय कार्य मंत्री आजम खां ने पुलिस थानों की कमी होने के साथ आधुनिक वाहनों व संसाधन कम मिल पाने की सच्चाई स्वीकारते हुए कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस को तेज गति से चलने वाले आधुनिक वाहनों के साथ अन्य संसाधन उपलब्ध कराने को सरकार सचेष्ट है।