जखा जेल से फिर दो किशोर बंदी फरार

Uncategorized

FARRUKHABAD : फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के याकूतगंज के निकट स्थित जखा जेल में एक बार फिर कम सुरक्षा व्यवस्था का फायदा उठाकर दो किशोर फरार हो गये। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक के अलावा अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। फरार किशोर बंदियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने दबिशें शुरू कर दीं।

kisor jailशनिवार शाम तकरीबन साढ़े सात बजे इटावा निवासी किशोर बंदी अनुज और रवी की रिहाई होनी थी। जिसको लेकर दोनो के परिजन जखा जेल में मौजूद थे। जेल के अंदर बने मंदिर में आरती चल रही थी। आरती खत्म होने के बाद अनुज व रवी के परिजन कार द्वारा दोनो को लेकर चले गये। जानकारी तो यहां तक है कि किशोर बंदियों को रिहा कराने आये परिजनों की कारें जेल के अंदर तक गयीं थीं। दोनो बंदियों की रिहाई होने के बाद कुल 44 किशोर बंदियों की गिनती की जानी थी। ड्यूटी पर मौजूद समूह ग की गीता देवी ने कर्मचारियों के माध्यम से जब गिनती करवायी तो किशोर बंदियों की संख्या 42 निकली। दो किशोर बंदियों के कम होने से जखा जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। कई दौर में पुनः गिनती करायी गयी लेकिन दो किशोर लापता निकले।

[bannergarden id=”8″][bannergarden id=”11″]

काफी देर खिचड़ी पकाने के बाद जब बंदी नहीं मिले तो मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गयी। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक जोगेन्द्र कुमार, सीओ सिटी योगेन्द्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूछताछ की। कर्मचारियों ने बताया कि फर्रुखाबाद कोतवाली से चोरी के मामले में पकड़े गये राजीव पुत्र जगदीश निवासी जटवारा व करिया पुत्र रमेश मूल निवासी बदायूं मौका देखकर फरार हो गये हैं। पुलिस ने रात में ही दबिशें दीं। लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा। जखा जेल के अधीक्षक कैलाशचन्द्र ने बताया कि मामले के सम्बंध में एफआईआर दर्ज करायी जा रही है। दोषी व्यक्ति पर कार्यवाही की जायेगी। घटना के समय वह अवकाश पर थे।

इस सम्बंध में फतेहगढ़ कोतवाली के एस एस आई जगदीश तिवारी ने बताया कि भागने वाले कैदी बाल किशोर हैं, वह पलायन कर गये हैं, इसलिए उन पर कार्यवाही नहीं बनती। तलाश जारी है।