राशन कोटेदार के चयन में चलीं ईंटें और गोलियां, 2 घायल

Uncategorized

नवाबगंज(फर्रुखाबाद) : वलीपुर राशन कोटेदार के चयन के बाद हुए भारी विवाद हुआ। इस दौरान ईट-पत्थर चलने से पूर्व कोटेदार सहित दो लोग घायल हो गये। कई राउंड फायरिंग भी की गयी।
[bannergarden id=”8″]Kotedaarथानाक्षेत्र के गांव वलीपुर में ताहर सिंह का राशन कोटा निरस्त होने के बाद सोमवार को कोटेदार चयन के लिए प्राथमिक विद्यालय में खुली बैठक हुई। इसमें एडीओ पंचायत विजेंद्र पाल सिंह, ग्राम विकास अधिकारी सुधीर सिंह व ग्राम प्रधान अजब सिंह यादव की मौजूदगी में चयन प्रक्रिया शुरू हुई। कोटेदार चयन के लिए गांव के ही धर्मेद्र सिंह, मीरा देवी पत्नी सुखदेव सिंह का नाम प्रस्तावित किया गया। चयन के लिए ग्रामीणों के हाथ उठवाये गये। इसमें मीरा देवी के पक्ष में 300 व धर्मेद्र सिंह के पक्ष में मात्र 20 लोगों ने हाथ उठाये। इस पर मीरा देवी पत्नी सुखदेव सिंह का कोटेदार के रूप में चयन किया गया। कार्रवाई रजिस्टर पर ग्रामीणों के हस्ताक्षर कराते समय धर्मेद्र सिंह के समर्थकों ने चयन में धांधली का आरोप लगाकर स्कूल के बाहर गालीगलौज कर हंगामा शुरू कर दिया। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। लाठी-डंडे व ईट-पत्थर चलने से धर्मेद्र सिंह व पूर्व कोटेदार ताहर सिंह घायल हो गये। इसी बीच फायरिंग होने से अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने खदेड़ कर एक तमंचा छीन लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने तमंचा सौंप दिया। घायलों को परिजन प्राइवेट वाहन से फतेहगढ़ ले गये।[bannergarden id=”11″]
धर्मेद्र सिंह ने बताया कि चयन में एक ही रजिस्टर पर दोनों पक्षों के हस्ताक्षर कराने के विरोध में विवाद बढ़ गया था। इसमें ईट-पत्थर व फायरिंग से चोटें आयीं। चयन फर्जी तरीके से किया गया है। मामले की शिकायत करने थाने गया था। किसी के न मिलने पर फतेहगढ़ पुलिस अधीक्षक के पास वह जाएंगे।
एडीओ पंचायत विजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मीरा देवी का चयन कोटेदार पद पर किया गया है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई। विवाद के बारे में जानकारी नहीं है।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि मामले की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जायेगी। कोटेदार चयन की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी।