लखनऊ में क्राइम ब्रांच ने गुटखा फैक्‍ट्री में घुस कर लूटे 10 लाख

Uncategorized

लखनऊ: पुलिस की वर्दी एक बार फिर दागदार हुयी है। इस बार लखनऊ की क्राइम ब्रांच की टीम पर एक व्यापारी से दस लाख रूपये लूटने का गंभीर आरोप लगा है। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस कप्तान ने तीन दरोगा नौ सिपाहियों को सस्पेंड करने के साथ 21 अन्य पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया साथ ही क्राइम ब्रांच भंग कर दी गयी है। पूरे मामले की जांच सीओ आलमबाग को सौंप दी है।

जिन पर लोगों की हिफाजत की जम्मेदारी हो अगर वही लूटपाट करने लगें तो क्या होगा, यूं तो पुलिस पर आरोप लगते रहते हैं लेकिन इस बार जितना बड़ा आरोप लखनऊ पुलिस पर लगा है शायद ही पहले लगा हो। लखनऊ की क्राइम ब्रांच पर एक गुटखा व्यापारी ने आरोप लगाया है कि दो दिन पूर्व क्राइम ब्रांच के दरोगा और कुछ सिपाही कुर्सी रोड स्थित उनकी गुटखा फैक्ट्री में जबरन घुस आए और प्रतिबंधित गुटखा बनाने का आरोप लगाते हुए उनसे 20 लाख की मांग की। पैसे न देने पर दबंग पुलिस कर्मियों ने हंगामा किया और फैक्ट्री में रखे 10 लाख रूपए लूट कर निकल गए। वर्दीधारियों ने जाते-जाते धमकी भी दी की इस बात को किसी से न बताए। व्यापारी ने इस घटना की शिकायत बड़े अधिकारियों से की। मामला सही पाए जाने पर एसएसपी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच के तीन दरोगा, नौ सिपाहियों को सस्पेंड करने के साथ 21 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया साथ ही क्राइम ब्रांच को भंग कर पूरे मामले की जांच सीओ आलमबाग संजीव त्यागी को सौंप दी है। अब नए सिरे से फिर से ब्रांच का गठन किया जाएगा।