बिजली कर्मचारी हड़ताल पर: तीसरे दिन भी कार्यालय में ताला

Uncategorized

फर्रुखाबाद: विद्युत वितरण निगम के खण्ड कार्यालय भोलेपुर में सुबह से ही कर्मचारियों ने ताला डालकर हड़ताल पर बैठ गये। शहरी खंड के कैश काउंटर खुले रहे, लेकिन अधिकतर कर्मचारी धरने में शामिल हुए। कर्मचारियों की मांग थी कि प्रमोशन में आरक्षण नहीं दिया जाना चाहिए, प्रमोशन में आरक्षण का वह पूरी तरह से विरोध करते हैं।

भोलेपुर स्थित विद्युत वितरण निगम के खंड कार्यालय में सुबह से ही कर्मचारियों ने काम नहीं किया। वह ग्रामीण खंड के अधिशासी अभियंता के कार्यालय के सामने धरने पर बैठे। कोई कर्मचारी कार्यालय में न बैठे इसलिए अधिशासी अभियंता के कार्यालय में ताला डाल दिया। कर्मचारियों अधिकारियों ने कहा कि प्रमोशन में आरक्षण से कर्मचारियों में हीन भावना पैदा होगी। इसका वह पूरी तरह से विरोध करेंगे। लेकिन आवश्यक सेवाएं देते रहेंगे। उधर शहरी खंड के अधिशासी अभियंता सुरेश कुमार व कुछ कर्मचारी कार्यालय में काम करते नजर आए। उन्होंने प्रमोशन में आरक्षण के संदर्भ व हड़ताल पर कुछ भी बोलने से इनकार दिया।

ग्रामीण खंड के अधिशासी अभियंता व अभियंता संघ के जोनल सेक्रेट्री एससी शर्मा ने बताया कि उन्होंने गुरुवार रात ही कर्मचारियों को फोन कर हड़ताल पर रहने को कहा दिया था। वह जोन स्तर हुए विरोध प्रदर्शन में कानपुर में शामिल हुए। एसडीओ जीएन अग्रवाल, राहुल बाबू कटियार, गौरव कुमार, जेई राजीव गंगवार, शिविर सहायक रामसेवक सिंह यादव, अनुराग गुप्ता, अमित मिश्रा, धीरज सक्सेना, विकास कटियार व सीमा सक्सेना आदि कर्मचारी हड़ताल पर रहे।

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला अध्यक्ष अखिलेश अग्निहोत्री ने बताया कि उनके संगठन का हड़ताल से कोई लेना देना नहीं है। राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष राकेश सारस्वत ने कहा कि उनका संगठन हड़ताल में शामिल नहीं हुआ है।