भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने की ‘डिंपल’ को मुख्यमंत्री बनाने की मांग

Uncategorized

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने मुलायम परिवार पर आय से ज्यादा सम्पत्तिमामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। भाजपा ने अखिलेश यादव से इस्तीफा मांगते हुए सीबीआइ जांच में बरी होने तक डिंपल यादव को मुख्यमंत्री पद सौंपने की पैरोकारी की।

पार्टी मुख्यालय में गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में वाजपेयी ने अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री पद छोड़ने की सलाह देते हुए उसके कारण और उदाहरण भी गिनाए। उनका कहना था संवैधानिक पद पर रहते निष्पक्ष जाच की संभावना नहीं हैं। कोर्ट ने सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव, अखिलेश व उनके भाई प्रतीक यादव पर लगे आरोपों को प्रथम दृष्टया गंभीर माना और सीबीआइ जांच जल्द पूरा करने की मांग की।

वाजपेयी ने लालू यादव, लालकृष्ण अडवाणी, उमा भारती, येदुरप्पा और मदन लाल खुराना प्रकरण याद दिलाते हुए कहा उक्त लोगों ने आरोप लगने के तुरन्त बाद संवैधानिक पदों से त्यागपत्र दे दिया था। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का अनुसरण करते हुए पत्नी डिंपल यादव को मुख्यमंत्री पद सौंप देना चाहिए क्योंकि डिंपल को कोर्ट ने जांच से बाहर रखा है।

धान खरीद में अनियमिताओं पर चिंता व्यक्त करते हुए वाजपेयी ने कहा भाजपा कार्यकर्ता एक सप्ताह तक धान उत्पादक जिलों के मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेंगे। चंदौली में 19 दिसम्बर को होने वाले प्रदर्शन का नेतृत्व वह स्वयं करेंगे। उन्होंने एफडीआइ मुद्दे पर अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन 25 दिसंबर से दस जनवरी तक चलने वाले आंदोलन की जानकारी भी दी।