गडकरी के सवाल पर कन्‍नी काटते रहे विनय कटियार

Uncategorized

फर्रुखाबाद: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विनय कटियार ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले आठ माह के अंदर कानून की तो धज्जियां ही उड़ गयीं। प्रदेश में कानून का राज न होकर जंगल राज कायम हो गया। भृष्‍टाचार के मुद्दे पर भाजपा के अंदर ही पनप रहे पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष के विरुद्ध असंतोष के सवाल पर विनय कटियार जांच का हवाला देकर कन्‍नी काटते दिखे।

विनय कटियार आते आते सीधे समाजवादी पार्टी पर ही अपना गुस्सा निकाल बैठे उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस समय औरंगजेब का शासन आ गया है। जहां लूट हत्याओं के साथ साथ अन्य अनैतिक कार्य शुरू हो गये हैं। राज्य सरकार इन पर ध्यान न देकर उल्टा आतंकवादियों को छोड़ने के लिए मुहिम चला रही है। सीआरपी कैम्प पर हमला बोलने में जो आतंकवादी पकड़े गये, राज्य सरकार ने उनको छोड़ने के लिए राय मांगी है। फैजाबाद, लखनऊ कचहरी के साथ ही बनारस के संकटमोचन मंदिर में जो हमले हुए हैं, उन पर भी राज्य सरकार ने सम्बंधित अधिकारियों से पत्र लिखकर रिपोर्ट मांगी है। यह एक प्रकार के पुरस्कार देने की बात की गयी है। सीआरपी कैम्प की कोई आवश्यकता ही नहीं है। आतंकवादी जिसको चाहेंगे मारेंगे, पुलिस पर भी हमला करेंगे और छुट्टा घूमेंगे।

इसी क्रम में दूसरा हमला उन्होंने केन्द्र सरकार पर भी किया। विनय कटियार ने कहा कि कांग्रेस भी आतंकवादियों को बचाने का प्रयास कर रही है। बटला हाउस हो या अफजल गुरू की फांसी का मामला हो सभी में सरकार की भूमिका संदिग्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि अफजल को फांसी लगाने में केन्द्र सरकार के वोट बैंक का मामला फंस रहा है।

भृष्‍टाचार के मुद्दे पर अन्‍य राजनैतिक दलों के अतिरिक्‍त भाजपा के भीतर ही विरोध झेल रहे पार्टी के रार्ष्‍टीय अध्‍यक्ष नितिन गडकरी के मुद्दे पर विनय कटियार लगातार कन्‍नी काटते रहे। उन्‍होंने कहा कि केंद्र में और महाराष्‍ट्र में कांग्रेस की सरकार है, जांच कर कार्रवाई कर सकती है। पार्टी के अंदर के विरोध को उन्‍होंने नकार दिया।

कल्‍याण सिंह को पार्टी में शामिल किये जाने में विलंब के पीछे भाजपा के भीतर चल रही राजनीति से इनकार करते हुए उन्‍होंने कहा कि कोई विरोध नहीं है। कल्‍याण सिंह स्‍वाभाविक तौर पर भाजपा के साथ हैं। उनके भाजपा में शामिल होने की कोई शर्त नहीं है। वह शीघ्र भाजपा में सम्‍मिलित हो जायेंगे।