पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि नहीं, दीपक के परिजनों का आरोप बरकरार

Uncategorized

फर्रुखाबाद: बीते गुरुवार की दोपहर गंगानगर निवासी दीपक शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाने से मौत हो गयी थी। परिजनों ने उसकी प्रेमिका के परिजनों पर हत्या कर शव लटका देने का आरोप लगाया था। लेकिन पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि नहीं हुई है।

विदित हो कि प्रेम प्रसंग के चलते दीपक शर्मा की अपने ही घर के कमरे में दुपट्टे से फांसी लगाकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी थी। घर पर पहुंची उसकी नानी ने दीपक के मरने की जानकारी की। जिसके बाद अन्य परिजन मां सरोज के साथ मौके पर पहुंचे थे। दीपक शर्मा के अपने ही घर के कमरे में फांसी लगाने के पीछे उसकी मां सरोज व नानी सुनीता ने पड़ोस की ही उसकी प्रेमिका के परिजनों पर दीपक की हत्या कर शव लटका देने का आरोप लगाया था। घटना के बाद मामला लेट हो जाने के चक्कर में कल मृतक का पोस्टमार्टम नहीं हो सका।

शुक्रवार को डाक्टर आर सी सुन्दरम के नेतृत्व में दीपक शर्मा का पोस्टमार्टम किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपक की मौत फांसी लगने से ही हुई है। उसके शरीर पर किसी तरह की कोई चोट की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन इसके बावजूद अभी दीपक शर्मा के परिजन हत्या के आरोप पर डटे हुए हैं। फिलहाल इस सम्बंध में पुलिस को कोई लिखित सूचना नहीं दी गयी है।

मृतक दीपक शर्मा की मां सरोजादेवी ने बताया कि वह इस सम्बंध में लिखित तहरीर कोतवाली में देंगी।