मुशायरे के मंच पर अब विजय सिंह के स्थान पर दिखेंगे ददुआ

Uncategorized

फर्रुखाबाद: व्यापार मण्डल की ओर से गुरुवार को प्रस्तावित आल इण्डिया मुशायरे के निमंत्रण पत्रों पर कार्यक्रम अध्यक्ष के तौर पर विधायक विजय सिंह का नाम छापा गया था। परन्तु गुरुवार को व्यापार मण्डल के नगर अध्यक्ष मोहम्मद इकलाख खान ने बताया कि विधायक विजय सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित होने में असमर्थता व्यक्त कर दी है। अब पुलिस अधीक्षक को मुशायरे का सदर व अरुण प्रकाश तिवारी ददुआ को मेहमाने खुशूशी बनाया गया है।

उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल के मिश्रा गुट की नगर इकाई की ओर से गुरुवार चार अक्टूबर को सायं 8 बजे से घुमना स्थित अंजुमन स्कूल में आल इण्डिया मुशायरे का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के सम्बंध में शहर में जगह-जगह लगे पोस्टरों और निमंत्रण पत्रों में नगर विधायक विजय सिंह को मुशायरे का सदर व पुलिस अधीक्षक नीलाब्जा चौधरी को मेहमाने खुशूशी लिखा गया था। परन्तु अचानक बुधवार को नगर विधायक विजय सिंह के कार्यक्रम में सम्मलित होने से इंकार कर दिये जाने की खबर गश्त करने लगी है। हमने इस सम्बंध में कार्यक्रम के आयोजक व्यापार मण्डल के नगर अध्यक्ष मोहम्मद इखलाख खान से सम्पर्क किया तो उन्होंने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि विजय सिंह विगत कई दिनों से अपने किसी निजी कार्य से शहर से बाहर हैं और उन्होंने फोन पर सूचना दी है कि वह गुरुवार तक वापस नहीं आ पायेंगे। उन्होंने बताया कि विधायक की कार्यक्रम से नाराजगी जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने बताया कि बदली हुई परिस्थिति में अब पुलिस अधीक्षक नीलाब्जा चौधरी से कार्यक्रम की अध्यक्षता करायी जायेगी व व्यापार मण्डल के प्रांतीय पदाधिकारी अरुण प्रकाश तिवारी उर्फ ददुआ को विशिष्ट अतिथि के तौर पर रखा जायेगा। उल्लेखनीय है कि मोहम्मद इखलाख खां मूल रूप से कांग्रेसी हैं। इसलिए मुशायरे के कार्ड पर जिन लोगों के नाम छपे हैं उनमें से अधिकांश कांग्रेसी और सांसद सलमान खुर्शीद के करीबी ही हैं।

मोहम्मद इखलाख खान ने बताया कि मुशायरे में जौहर कानपुरी, शबीना, अदीब, हिना, आरजू, नूरी परबीन, नदीम फार्रुख, अज्म शाकरी, वारिस वारसी, जीरो बादबी, इरशाद कानपुरी, शाहिद रजा, तारिक ताबिस, खलील गुमनाम, मुशायरे के संयोजक वसी अहमद वसी आदि ने सम्मलित होने की पुष्टि कर दी है।