होमगार्ड व परिजनों को बंधक बना दो घरों में 20 लाख की डकैती

फर्रुखाबाद: आम आदमी क्या करे जब खाकी ही अपने घर में सुरक्षित नही है| जनता को सुरक्षा देने का दावा करने वाली पुलिस की सुरक्षा को बीती रात बदमाशों ने खुली चुनौती दे डाली| होमगार्ड व उसके परिजनों को घर में बंधक बनाकर लगभग 20 लाख रूपये की नकदी व जेबरात की डकैती डाली गयी| सूचना पर पंहुची पुलिस ने जाँच पड़ताल की| लेकिन अभी तक कोई सुराग नही मिला है|
थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम नगला गुलाल निवासी होमगार्ड राजीव सिंह पुत्र जगदीश शहर कोतवाली में बीते कई वर्षो से तैनात है| उसके चाचा विजेंद्र सिंह कोतवाली फतेहगढ़ में होमगार्ड के पद पर तैनात है| वही राजीव का चचेरा भाई इंद्रजीत डायल 100 में होमगार्ड के पद पर तैनात है| बीती रात विजेंद्र व इंद्रजीत डियूटी पर गये थे| राजीव अपनी पत्नी मिथलेश, पुत्र 16 वर्षीय राजा व पिता जगदीश के साथ घर पर सो रहे थे| देर रात चोर इंद्रजीत के खाली पड़े मकान का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुये और राजीव के घर पर छत से ही पंहुच गये |
वह होमगार्ड राजीव के पहली मंजिल पर जीने से नीचे आ गये और पिता जगदीश को बंधक बना दिया| इसके बाद वह दूसरी मंजिल पर पंहुचे जंहा राजीव उनकी पत्नी मिथलेश व पुत्र राजा सो रहा था| वह उस कमरे में दाखिल हुये और राजीव को हथियार दिखाकर उसकी ही शर्ट से बांध दिया और उसकी पत्नी व पुत्र को भी बंधक बनाया| इसके बाद उन्होंने कमरे में रखी अलमारी व बक्से तोड़कर उसमे ने नकदी और जेबरात लूट लिये| वह राजीव व उसकी पत्नी व पुत्र को दूसरी मंजिल से नीचे ले आये| यंहा उन्होंने चारो को एक कमरे में बंद कर दिया| इसके बाद उन्होंने एलईडी खोलने का भी प्रयास किया| राजीव ने बताया की उसके घर से लगभग 10 लाख का जेबरात व 5 लाख की नकदी लूटी गयी| नकदी खेत खरीदने के लिये एकत्रित की थी|
राजीव के घर डकैती डालने के बाद बदमाश उसके चाचा होमगार्ड विजेंद्र सिंह के घर की ऊपरी मंजिल पर पंहुचे| जंहा विजेंद्र के पुत्र रोहित व मोहित सो रहे थे| उन्होंने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया| इसके बाद वह जीने से नीचे आ गये| जंहा विजेंद्र की पत्नी सुनीता, पुत्री चाँदनी व प्रियंका लेटी थी| उन्होंने आते ही सभी को बंधक बना लिया और लाली को लेकर ऊपरी मंजिल पर आया गये और रोहित मोहित को धमकी देकर कहा कि यदि दरवाजा नही खोला तो इसे गोली मार देंगे| बहन के गोली मारने की बात पर दोनों भाईयों ने दरवाजा खोल दिया| जिसके बाद चोरो ने उन्हें भी बाँध दिया और नीचे ले आये| विजेंद्र ने बताया कि लगभग 50 हजार की नकदी व 4.50 लाख रुपये कीमत के जेबरात लूट लिये| सुनीता के कान व हाथों से भी जेबरात उतार लिये| घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गये |
बदमाशों के जाने के बाद विजेंद्र के पुत्र रोहित ने किसी तरह अपने हाथ खोल लिये और दरवाजा खोलकर राजीव के घर डकैती की सूचना देने गया| जंहा देखा तो वह सभी भी बंधक बने कमरे में पड़े थे| घटना की सूचना मिलने पर एएसपी त्रिभुवन सिंह, सीओ सिटी शरद चन्द्र शर्मा, कार्यवाहक थानाध्यक्ष मऊदरवाजा सुदीप मिश्रा व डॉग स्कोट के साथ ही साथ फिल्ड यूनिट की टीम भी मौके पर आ गयी और जाँच पड़ताल की|एएसपी त्रिभुवन सिंह ने बताया कि घटना के सम्बन्ध में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जल्द ही घटना का खुलासा किया जायेगा|