हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवक सहित तीन बालक झुलसे

फर्रुखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता) थाना क्षेत्र के राजा रामपुर मई गांव में शनिवार को शादी की तैयारियों के बीच बड़ा हादसा हो गया। टेंट का सामान उतारते समय लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन से छू गया, जिससे उसमें करंट दौड़ गया। हादसे में एक युवक सहित तीन बालक झुलस गए। सभी घायलों को डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय (लोहिया अस्पताल) की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय दयाराम की बेटी रेशम की शादी के लिए घर में मांगलिक कार्यक्रम चल रहे थे। शनिवार को बारात आनी थी। पंडाल लगाने के लिए टेंट का सामान लेकर वाहन पहुंचा था। युवती का मौसेरा भाई 28 वर्षीय राजू पाल गाड़ी से टेंट का सामान उतार रहा था। इसी दौरान कुछ बच्चे भी आसपास मौजूद थे और एक बालक गाड़ी पर चढ़ गया।
सामान उतारते समय लोहे का लंबा पाइप अचानक हाई टेंशन लाइन से छू गया। पाइप में करंट दौड़ते ही राजू पाल के साथ 5 वर्षीय राज, 7 वर्षीय युवराज और 9 वर्षीय देव करंट की चपेट में आकर झुलस गए। करंट लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत सभी को लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है।
परिवार के लोगों ने बताया कि करंट लगते ही हल्की चीख सुनाई दी और सभी झटके से दूर जा गिरे। गनीमत रही कि पाइप तुरंत लाइन से अलग हो गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक के अनुसार सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर दिया गया है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।