फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) पंचाल घाट स्थित स्वर्गधाम पर रविवार को स्वर्गधाम सेवा दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में पिछले दिनों से बढ़ रही अव्यवस्थाओं, अराजकता और अवैध वसूली की शिकायतों पर गंभीर मंथन किया गया। सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि अब किसी भी प्रकार की मनमानी, लूट-खसोट या गंदगी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सेवादल के कार्यकर्ताओं ने बीते तीन दिनों में अधिक पैसे वसूलने वाले नाव चालकों पर सख्त कार्रवाई की, जिनमें दो नाव चालकों को घाट से हटा भी दिया गया। सभी नाव चालकों को चेतावनी दी गई है कि दुबारा शिकायत मिली तो सीधे पुलिसिया कार्रवाई होगी।फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भैयन मिश्रा ने कहा कि स्वर्गधाम पर कई जनपदों से लोग अंतिम संस्कार के लिए आते हैं और यहां उनके साथ लूट-खसोट होने से जिले की छवि खराब होती है। उन्होंने नाव चालकों व सफाई कर्मचारियों को निर्धारित शुल्क से अधिक राशि न लेने की हिदायत दी। स्वर्गधाम सेवा दल जल्द ही दाह संस्कार करने वालों को निःशुल्क दाह संस्कार प्रमाणपत्र उपलब्ध कराएगा। कफन-खसोट गैंग की शिकायतों को देखते हुए जिलाधिकारी से मिलकर इनके विरुद्ध कठोर धाराओं में कार्रवाई व गैंगस्टर लगाने की मांग भी की जाएगी। बैठक में राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडेय ने कहा कि स्वर्गधाम पर गैर समुदाय के कुछ लोगों द्वारा गंदगी फैलाने की शिकायतें मिल रही हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बजरंग दल की टीम अब लगातार निगरानी करेगी। मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि फर्रुखाबाद का स्वर्गधाम कई जनपदों के बीच प्रमुख स्थान है, इसलिए यहां स्वच्छता और शांति अनिवार्य है। स्वर्गधाम परिसर में साफ-सफाई, निर्माण कार्य, रंगाई-पुताई कराने सहित घाट पर बाल बनाने वालों के लिए पहचान पत्र जारी करने का निर्णय लिया गया। वहीं रेती पर किसी भी तरह के खोखे या दुकान लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बैठक में अनिल द्विवेदी, विष्णु मिश्रा, श्यामेंद्र दुबे, नीरज, दिनेश यादव चुन्ना, सौरभ पांडे, केके द्विवेदी, मोहित खन्ना, पंकज राठौर, सुमित गुप्ता, रौनक सक्सेना, लवी सक्सेना, अनिल सिंह, नीरज गुप्ता, शाहिद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्वर्गधाम सेवा दल की बैठक में अव्यवस्थाओं पर सख्ती का निर्णय



