स्वर्गधाम पर अवैध वसूली के खिलाफ सख्ती, निःशुल्क मृत्यु प्रमाण पत्र की शुरुआत

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) पांचाल घाट स्थित स्वर्गधाम पर फैली अव्यवस्थाओं और अवैध वसूली पर रोक लगाने के उद्देश्य से रविवार को स्वर्गधाम सेवादल की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अंतिम संस्कार के नाम पर परिजनों से की जा रही अवैध वसूली को जड़ से खत्म करने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। सेवादल ने तय किया कि अब दाह संस्कार प्रमाण पत्र घाट पर ही पूरी तरह निःशुल्क जारी किए जाएंगे, जिसकी शुरुआत उसी दिन कर दी गई। बताया गया कि पूर्व में कार्रवाई के बावजूद एक कफन-खसोट गैंग द्वारा दीनदयाल बाग में अवैध कार्यालय खोलकर प्रमाण पत्र जारी करने के नाम पर लोगों से हजारों रुपये वसूले जा रहे थे। लगातार शिकायतों के बाद भी कार्रवाई न होने पर सेवादल ने स्वयं व्यवस्था संभालने का निर्णय लिया। फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि विपत्ति के समय शोक संतप्त परिजनों से की जाने वाली वसूली अमानवीय है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।सेवादल की टीम ने उत्तरी तट पर पहुंचकर वसूली करने वालों को चेतावनी दी और तय शुल्क से अधिक पैसा न लेने के निर्देश दिए। बैठक में घाट पर छाया, पेयजल और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का भी निर्णय लिया गया। राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडेय ने कहा कि स्वर्गधाम पर किसी भी प्रकार की अराजकता सहन नहीं की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता सत्यपाल सिंह ने की । रामदास गुप्ता, अनिल द्विवेदी, श्यामेंद्र दुबे, अनंतराम, कन्हैया दास, सौरभ पांडे,पंकज राठौर ,विनय दीक्षित, सुनील शुक्ला, नीरज दुबे, कुलदीप दीक्षित, अजय मिश्रा, प्रेमचंद वर्मा, राजीव वर्मा, शांतनु शाक्य, लवी सक्सेना, कुलदीप कठेरिया, पवन बाल्मिक, आदित्य वाल्मीकि आदि रहे|