सियार के हमले में घायल मासूम ने तोड़ा दम, क्षेत्र में दहशत

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) क्षेत्र के पट्टियां गांव में सियार के हमले में गंभीर रूप से घायल सात वर्षीय मासूम बालिका की बुधवार को मौत हो गई। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं सियार के बढ़ते आतंक से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार 2 मार्च को नगर से सटे पट्टियां निवासी प्रवेश की पुत्री राधिका अपने पिता के साथ खेत पर गई थी। पिता तंबाकू की फसल की सिंचाई कर रहे थे, तभी अचानक सियार ने राधिका पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सियार बालिका को लहूलुहान कर फरार हो चुका था।
बताया जा रहा है कि इसी सियार ने बाद में गांव में घुसकर घर के बाहर बैठी वृद्धा संसारवती को भी काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद दोनों घायलों का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया, लेकिन बुधवार को राधिका की हालत अचानक बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उसे लोहिया अस्पताल रेफर किया, जहां से उसे सैफई ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतका चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी। उसकी मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दहशत का पर्याय बना सियार
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सियार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कुछ दिन पहले जौरा गांव में छत्रपाल के 14 वर्षीय पुत्र रुद्र, संजीव राजपूत और एक वृद्धा पर भी हमला किया था। हालांकि तीनों का उपचार के बाद स्वास्थ्य ठीक है। वहीं, जौरा गांव में अब तक आधा दर्जन से अधिक पशुओं पर भी सियार हमला कर चुका है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द हिंसक सियार को पकड़कर क्षेत्रवासियों को राहत दिलाई जाए।