साली के इश्क में पागल हुआ जीजा, ससुराल में ही दे दी जान

एक साल पहले पत्नी व बच्चों को जान से मारने की कोशिश की थी

फर्रुखाबाद: इश्क सर चढ़कर बोलता है और इसको दीवाना और अंधा शायद इसी लिये कहा जाता है। यही दास्तां एक बार फिर दोहराई गयी। जनपद मैनपुरी के एफसीआई कर्मचारी का दिल अपनी साली पर आ गया और उसने ससुराल वालो से उसके साथ शादी की जिद की। इसी बात पर पत्नी से विवाद हो गया। गुस्से में जीजा ने ससुराल में ही जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी।

जनपद मैनपुरी के मोहल्ला शिवपुरी निवासी वीरेन्द्र पुत्र सोनेलाल (32) की शादी दस वर्ष पूर्व कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव झब्बूपुर निवासी रामलडैते की पुत्री दीपमाला के साथ हुई थी। उसके दो लड़के और एक लड़की भी है। वीरेन्द्र को अपनी छोटी साली निधि से इश्क हो गया। इस पर वह अक्सर उससे मिलने ससुराल आने लगा। इसी बीच वीरेन्द्र की साली निधि की शादी तय हो गयी। और उसकी बारात 25 जून को आने वाली है। इससे वीरेन्द्र परेशान रहने लगा। वह सोमवार को अपनी ससुराल आया और अपने ससुर से निधि से शादी करने की जिद पर अड़ गया। ससुर ने उसके साथ निधि की शादी करने से साफ इनकार कर दिया। जब इसकी जानकारी वीरेन्द्र की पत्नी दीपमाला को हुई तो दोनो में विवाद हुआ। इसी से क्षुब्ध होकर वीरेन्द्र ने ससुराल में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। ससुरालीजनों ने सोमवार की रात करीब 11 बजे वीरेन्द्र को बहोशी की हालत में वीरेन्द्र को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। घर में खुशियों की जगह मातम छा गया। मंगलवार सुबह कोतवाली पुलिस ने पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम हाउस के लिए भेज दिया।

वीरेन्द्र अपने साली के प्यार में इतना डूबा था कि उसने अपनी साली को पाने के लिए एक साल पहले अपने पत्नी व बच्चों को चाय में जहरीला पदार्थ मिलाकर जान से मारने की कोशिश की थी, लेकिन किस्मत अच्छी थी कि सभी बच गये लेकिन जब उसने देखा कि साली उसकी नहीं हो सकती तो उसने जहरीला पदार्थ खाकर मौत को गले लगा लिया।