सातनपुर मंडी में आलू के भाव में हल्का उछाल, पर मूलभूत सुविधाओं की भारी किल्लत

फर्रुखाबाद:(जेएनआई व्यूरो) सातनपुर मंडी में 10 दिसंबर को आलू की आमदनी लगभग 20 हजार पैकेट रही। मंडी में आलू के भाव में मामूली बढ़त देखने को मिली। आज आलू 381 से 461 रुपए प्रति पैकेट बिका, जबकि लाल हालैंड आलू 531 रुपए प्रति पैकेट में बिक्री हुआ। कारोबारियों के अनुसार आज बिकवाली संतोषजनक रही। वहीं दूसरी ओर मंडी प्रशासन की उदासीनता से आढ़तियों और किसानों में रोष व्याप्त है। नवीन मंडी स्थल सातनपुर में वर्षों से मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है। मंडी में जलापूर्ति की उचित व्यवस्था नहीं है, कई स्थानों पर गंदगी का ढेर लगा हुआ है और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई है। किसानों का कहना है कि खराब लाइटों के कारण रात में कामकाज में दिक्कतें बढ़ जाती हैं। इसके अलावा छुट्टा और आवारा पशुओं की समस्या भी विकराल बनी हुई है, जो आलू, अनाज और सब्जियों को खाकर किसानों को भारी नुकसान पहुँचाते हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद आवारा पशुओं की रोकथाम में ढिलाई बरती जा रही है। आढ़तियों और किसानों ने एक बार फिर मंडी प्रशासन से मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग की है।