फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सड़क सुरक्षा माह के एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत द्वारा स्कूल में स्कूल वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान चालकों को विद्यालय वाहन धीमी गति से चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने, प्रेशर हार्न व मल्टी टोन्ड हार्न का उपयोग न करने, वाहन
के समस्त प्रपत्र वैध रखने, छात्रों एवं अभिभावकों से मृदु व्यवहार करने तथा स्कूली वाहन की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में विद्यालय के कर्मचारी, चालक एवं परिचालकों ने उपस्थित रहकर यातायात नियमों के पालन की शपथ ली। उन्होंने सड़क पर चलते समय हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री हृदयेश भी उपस्थित रहे।
इसके पश्चात एआरटीओ-प्रवर्तन द्वारा विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कमियां पाए जाने पर 01 स्कूल बस को नोटिस जारी किया गया तथा बिना परमिट संचालित 01 स्कूल बस को सीज किया गया।
इसके अतिरिक्त, 04 ओवरलोड ट्रकों को सीज कर 1.09 लाख रुपये का जुर्माना आरोपित किया गया। वहीं 01 बिना परमिट ट्रक को सीज कर 41 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। आज की कुल कार्रवाई में 11 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 1.95 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
सड़क सुरक्षा शपथ, स्कूल बसों का निरीक्षण, 11 वाहनों पर कार्रवाई



