श्रृंगीरामपुर में खुदाई के दौरान निकले जेवरात, ग्रामीणों में मची छीना-झपटी

फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) क्षेत्र के ग्राम श्रृंगीरामपुर में घर की खुदाई के दौरान निकले जेवरात और मोतियों को लेकर सोम वार को अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने छीना-झपटी कर जेवरात अपने साथ ले लिए। जानकारी के अनुसार, ग्राम श्रृंगीरामपुर निवासी रवि ऑदिच्य पुत्र सुरेन्द्र ऑदिच्य जो वर्तमान में आगरा में रहते हैं, उनके घर के बाहर चबूतरे की खुदाई उनके भाई दीपू करवा रहे थे। खुदाई के दौरान मजदूर को मिट्टी के अंदर एक बड़ा पीतल का गिलास मिला। दीपू ने जब उसे खोला तो उसमें पुराने जेवरात और मोती भरे हुए थे। सूचना मिलते ही रवि ऑदिच्य आगरा से मौके पर पहुंच गए। उनकी पत्नी रूबी ऑदिच्य ने बताया कि खुदाई में जेवरात और कुछ मोती मिले थे, लेकिन मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने छीना-झपटी कर अधिकांश जेवरात उठा लिए। घटना की जानकारी पर थानाध्यक्ष राजीव कुमार, सीओ समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस के कहने पर कुछ ग्रामीणों ने कुछ जेवरात वापस किए हैं, हालांकि कई अब भी बरामद नहीं हो सके हैं। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और शेष जेवरात बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।