फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर में केवल रविवार को लगने वाले साप्ताहिक संडे बाजार को वर्तमान स्थान से हटाकर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने को लेकर व्यापार मंडल की बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। टाउन हॉल स्थित एक प्रतिष्ठान पर आयोजित बैठक में यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सुझाव रखे गए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने कहा कि नेहरू रोड पर लगने वाले संडे बाजार के कारण हर
रविवार जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों के आवागमन में भारी दिक्कत होती है। उन्होंने सुझाव दिया कि संडे बाजार को क्रिश्चियन फील्ड, बजरिया मार्ग अथवा नेहरू रोड पर बॉबी दुबे के प्लॉट में से किसी एक स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि रविवार की सुबह श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन के लिए निकलते हैं, उसी समय मुर्गी से भरी गाड़ियां मुख्य मार्ग से गुजरती हैं, जिससे अव्यवस्था फैलती है। ऐसे में इन वाहनों को बाईपास मार्ग से निकाले जाने की व्यवस्था की जानी चाहिए। इसके अलावा सेंट्रल जेल चौराहे पर खुले में लगने वाली मांस की दुकानों और उससे उत्पन्न यातायात समस्या पर भी विचार-विमर्श किया गया।
oबैठक में जिला वरिष्ठ अनूप गुप्ता, महामंत्री जिला महामंत्री विमलेश मिश्रा, अजय मेहरोत्रा, चंद्र प्रकाश दीक्षित, विश्वनाथ गुप्ता, सूर्यप्रकाश भारद्वाज,लाखन सिंह महेशचंद्र गुप्ता, बॉबी दुबे,सेंट्रल जेल चौराहा अध्यक्ष योगेश गुप्ता, महामंत्री डॉ. संजीब त्रिपाठी, देवेंद्र सक्सेना (पिंट), अवनीश कुमार, डॉ. रवि राजपूत, संजीब चौरसिया, सुरेन्द्र पाण्डेय, अनुभव सारस्वत रहे।
व्यापार मंडल की बैठक में संडे बाजार को स्थानांतरित करने पर मंथन



