वर्ष ‘2026’ के अभिनन्दन को नगर उत्साह,उमंग और उल्लास से हुआ सराबोर

फर्रुखाबाद:(नगर संबाददाता) नववर्ष 2026 के आगमन को अब चंद घंटे ही शेष हैं। जैसे-जैसे तारीख बदलने का समय नजदीक आ रहा है,वैसे-वैसे माँ गंगा की पावन धरा की फर्रुखाबाद नगरी उत्साह, उमंग और उल्लास से सराबोर होती जा रही है। कड़ाके की ठंड बावजूद नववर्ष के स्वागत की तैयारी शहर में गर्माहट का अहसास करा रही हैं। कहीं फूलों की महक बिखर रही है तो कहीं रंग-बिरंगी लाइटों और सितारों से साज-सज्जा की जा रही है। पूरा शहर नए साल के अभिनंदन को आतुर दिखाई दे रहा है।नववर्ष को यादगार बनाने के लिए बाजारों में खास रौनक देखने को मिल रही है। फूलों की स्थायी और अस्थायी दुकानों पर गुलाब,लिली, गेदा जैसे आकर्षक फूलों से सजी दुनिया नजर आ रही है।

इस साल फूलों और बुके की मांग ज्यादा बढ़ गई है। उपहार प्रतिष्ठानों में नए-नए प्रयोग कर ग्राहकों को आकर्षित किया जा रहा है।
नववर्ष के स्वागत पर शहरवासियों को रिझाने के लिए रेस्टोरेंट एवं होटल ही नहीं ठिलिया खोमचा वाले भी तैयारी कर रहे हैं। पहली जनवरी को मौज-मस्ती के आलम में चाट-पकौड़ी, मोमो-मंचूरियन एवं गोलगप्पे की भी बहार रहेगी।ऐसे लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए स्ट्रीट वेंडरों ने अपनी दुकानों एवं ठेलों को विशेष रूप से सजाया है। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने समय से बुकिंग न करा पाने वालों के लिए आकस्मिक आफर और डिस्काउंट की भी व्यवस्था की है। कई जगहों पर केक और कैंडल की विशेष तैयारी की जा रही है, ताकि ठीक 12 बजे नए वर्ष का स्वागत पूरे उत्साह के साथ किया जा सके।