वक्फ संपत्तियों को उम्मीद पोर्टल पर पंजीकरण की अपील

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) तहफ्फुज़-ए-औक़ाफ़ की पहल के तहत रकाबगंज चौराहा स्थित मस्जिद जान अली में सोमवार को वक्फ संपत्तियों के संरक्षण और जागरूकता को लेकर वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बहाउद्दीन, जमाते इस्लामिया हिंद उत्तर प्रदेश वेस्ट के सेक्रेटरी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने कहा कि वक्फ संपत्तियों को सुरक्षित रखने और भविष्य में किसी भी विवाद से बचने के लिए उनका उम्मीद पोर्टल पर 5 दिसंबर तक रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी वक्फ ज़मीने और संपत्तियाँ पोर्टल पर दर्ज होनी चाहिए, जिसके लिए प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और कमेटियाँ बनाई जा रही हैं ताकि जागरूकता बढ़ सके। ईमाम सुनहरी मस्जिद मौलाना सदाकत हुसैन सेथली ने कहा कि फर्रुखाबाद तहफ्फुज़-ए-औक़ाफ़ कमेटी अच्छी पहल कर रही है और यह समय की ज़रूरत है कि सभी वक्फ जगहों को जल्द से जल्द पोर्टल पर दर्ज कराया जाए। उन्होंने कहा कि जैसे अपने घर के दस्तावेज़ रखना ज़रूरी होता है, वैसा ही अल्लाह के घर और वक्फ संपत्तियों के रिकॉर्ड सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने वक्फ बोर्ड से यह भी आग्रह किया कि फर्रुखाबाद की वक्फ संपत्तियों की सूची जारी की जाए ताकि नोडल अधिकारियों को क्षेत्र चिन्हित करने में आसानी हो। कार्यक्रम में कन्नौज, फर्रुखाबाद, शमशाबाद और कायमगंज से भी लोग पहुँचे। इस दौरान जामा मस्जिद पेश इमाम मुफ़्ती मोअज़्ज़म अली, शहर काज़ी सैय्यद मुताहिर अली, मौलाना अब्दुल रब कासमी, अब्दुल मन्नान, हफीज़ खान, अहमद आदिल, मोहम्मद यूनुस खान, हाजी बिलाल अहमद सहित अनेक लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नासिर खान ने किया।