लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष के सामने चौकी इंचार्ज की शिकायत

फर्रुखाबाद: अभी तक प्रशासन द्वारा ही तहसील दिवस व थाना दिवस आयोजित कर आम आदमी की समस्याओं को सुना जाता था लेकिन अब समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों द्वारा भी जिला मुख्यालय पर जनता दरबार लगाकर समस्याओं को सुना जा रहा है। लेकिन देखना यह है कि आने वाले समय में इन दरबारों से आम आदमी को कितनी सहुलियत हो पाती है।

समाजवादी पार्टी के मुखिया द्वारा प्रदेश के समस्त जनपदों में सपा दरबार लगाकर जन समस्यायें सुनकर उन्हें निस्तारित करवाने के निर्देश दिये गये हैं। जिसके चलते शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के आवास विकास स्थित कार्यालय में समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह यादव की अध्यक्षता में सपा दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें लगभग एक दर्जन समस्याओं को दूर दराज से आये लोगों ने जिलाध्यक्ष के सामने रखा। थाना शमसाबाद के चौकी फैजबाग इंचार्ज की क्षेत्रीय लोगों ने लिखित शिकायत की। इस पर श्री यादव ने पुलिस अधीक्षक को चौकी इंचार्ज की करतूतों से अवगत कराने का आश्वासन दिया। सपा दरबार में जलनिगम, विद्युत विभाग तथा सदर तहसील की शिकायतें पीड़ितों द्वारा रखीं गयीं।

इस अवसर पर छात्र सभा जिलाध्यक्ष दीपक यादव, मुलायम सिंह यादव यूथ बिग्रेड अध्यक्ष पीयूष यादव, सदर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष मन्दीप यादव, रामकिशोर शाक्य, अमित यादव, अश्वनी यादव, अजय यादव, बृजपाल सिंह, लाल जी ठाकुर, सोनू गुप्ता, विकास गुप्ता आदि भी मौजूद रहे।