फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा जनपद न्यायाधीश विनय कुमार तृतीय की अध्यक्षता में जिला न्यायालय से तहसील न्यायालयों तक राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारम्भ द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
लोक अदालत में जनपद के विभिन्न बैंक, विद्युत विभाग, नगर पालिका परिषद एवं अन्य प्रशासनिक विभागों द्वारा अपने-अपने स्टाल लगाकर पक्षकारों के समक्ष उनकी सहमति के आधार पर सुलह-सब्धि कराते हुए मामलों का निस्तारण किया गया। 134 बैंक वसूली से सम्बन्धित मामलों को निस्तारित कर 1,53,17500 रुपये की वसूली धनराशि बैंकों द्वारा प्राप्त की गयी। 64034 विद्युत बिल सम्बन्धी मामलों का निस्तारण किया गया।
प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय जमशेद अली के द्वारा कुल 55 पारिवारिक वैवाहिक वादों का निस्तारण किया गया। इसमें से सुलह समझौते के आधार पर 06 पति-पत्नी को एक साथ रहने के लिए विदा किया गया। पीठासीन अधिकारी मोटर वाहन दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम सन्तोष कुमार तिवारी द्वारा 32 यादों का निस्तारण कर 1,41,30000 की धनराशि प्राप्त की गयी। अध्यक्ष जिला उपभोक्ता नरेश कुमार, द्वारा अपने न्यायालय से 20 मामले निस्तारित किये गये। कुल चिन्हित लम्बित 5477 मामलों में से 3511 तथा प्री-लिटिगेशन के 176657 मामलों में से 175059 मामले निस्तारित किये गये हैं। इस प्रकार कुल 1,82,134 मामलों में से 1,78,570 मामलों का निस्तारण कर कुल 6,55,85649 रुपया धनराशि जमा करायी गयी। सभी विभागों एवं अधिकारियों के सहयोग से लक्ष्य से अधिक मुकदमों का निस्तारण किया गया है। प्रधान न्यायाधीश जमशेद अली, शैली राय अपर जिला जज प्रथम, अभिनितम उपाध्याय एससी एसटी एक्ट/विशेष न्यायाधीश नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत, शैलेन्द्र सचान न्यायाधीश / डकैती, डॉ० अनिल कुमार सिंह विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट, राकेश कुमार सिंह अपर जिला जज पाक्सो एक्ट, रितिका त्यागी अपर जिला जज, अंकित मित्तल अपर जिला,संजय कुमार सचिव व अपर जिला जज जिला विधिक प्राधिकरण रहे |
लोक अदालत में 1,78,570 मामलों का निस्तारण



