फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) अपनी लंबित 10 सूत्री मांगों को पूरा कराने हेतु लोको पायलटों ने मंगलवार सुबह 10 बजे से 48 घंटे की भूख हड़ताल शुरू कर दी। यह आंदोलन ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के बैनर तले पूरे देश के साथ-साथ फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर भी आयोजित किया जा रहा है। स्टेशन पर लोको पायलटों ने बैठकर नारेबाजी की और सरकार से मांगें पूरी करने की अपील की।
भूख हड़ताल पर बैठे लोको पायलट सुरेंद्र सिंह ने बताया कि हड़ताल एसोसिएशन के आह्वान पर की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं होगा। जिन पायलटों की ड्यूटी है वे समय पर अपनी सेवा दे रहे हैं, जबकि अन्य पायलट प्रदर्शन में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हड़ताल के बावजूद सभी लोको पायलट अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए ट्रेनों को सुरक्षित तरीके से चला रहे हैं।
लोको पायलटों की प्रमुख मांगों में किलोमीटर भत्ता बढ़ाकर नियमानुसार 25 प्रतिशत करना, भत्ते का 70 प्रतिशत आयकर मुक्त करना, मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में अधिकतम 6 घंटे और मालगाड़ियों में अधिकतम 8 घंटे की कार्य अवधि तय करना तथा रात्रि में अधिकतम दो ड्यूटी लागू करना शामिल है। रनिंग स्टाफ की ये मांगें लंबे समय से शासन-प्रशासन के स्तर पर लंबित हैं। लोको पायलटों का कहना है कि उनकी जिम्मेदारियां भारी होती हैं और लगातार बढ़ते कार्यभार के बीच उचित भत्ते और निर्धारित कार्य अवधि अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आगे आंदोलन और भी तेज किया जाएगा। इस दौरान शाखा सचिव पवन कुमार, मनराज मीणा, रजकिशोर कुमार, सुभाष कुमार, मुकेश कुमार, विपिन कुमार, उदय यादव सहित कई लोको पायलट मौजूद रहे। हड़ताल गुरुवार सुबह 10 बजे समाप्त होगी।
लोको पायलटों की 48 घंटे की भूख हड़ताल



