रोडवेज बस के पार्सल में तमंचे रखने वाले हिस्ट्रीशीटर की तलाश, तीन का शांति भंग में चालान

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर क्षेत्र में हरदोई डिपो की रोडवेज बस के पार्सल में अवैध हथियार भेजने के मामले में पुलिस को मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर की तलाश है। बीते दिनों डबरी तिराहे के पास बस की चेकिंग के दौरान पार्सल के भीतर एक रिवाल्वर व तीन तमंचे बरामद किए गए थे, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि उक्त तमंचे जनपद हरदोई के थाना पाली क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर संजय शुक्ला पुत्र रघुवीर सहाय द्वारा भेजे गए थे। आरोपी पर पूर्व से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। फिलहाल वह पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस ने उसकी तलाश में परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
मामले की जांच के लिए पुलिस ने रोडवेज बस के दोनों चालक व एक परिचालक को हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद आरोप सिद्ध न होने पर चालक पवनेश निवासी निजामपुर थाना पाली, चालक अजयकांत पांडेय निवासी पाली तथा परिचालक संदीप मिश्रा निवासी साजनपुर थाना पाली जनपद हरदोई को शांति भंग की धारा में चालान कर न्यायालय में पेश किया गया।
वहीं परिचालक संदीप मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने पार्सल बुक कराने वाले नीलू पाठक निवासी पाली हरदोई तथा तमंचे पार्सल में रखकर भेजने वाले संजय शुक्ला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष राजेपुर सुदेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि यह पूरा मामला सुनियोजित साजिश प्रतीत हो रहा है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं, शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।