राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.36 लाख से अधिक मामलों का निस्तारण

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद के तत्वावधान में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ न्यायमूर्ति सुभाष चन्द्र शर्मा, प्रशासनिक न्यायाधीश फर्रुखाबाद, उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। लोक अदालत में जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार, प्रधान न्यायाधीश जमशेद अली, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित अनेक न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता एवं वादकारी उपस्थित रहे। विभिन्न बैंकों, विद्युत विभाग, नगर पालिका परिषद व अन्य विभागों द्वारा स्टाल लगाकर सहमति के आधार पर मामलों का निस्तारण किया गया। बैंक वसूली के 161 मामलों में 1.67 करोड़ रुपये की वसूली की गई, जबकि विद्युत बिल से जुड़े 30,378 मामलों का निस्तारण हुआ। कुटुम्ब न्यायालय द्वारा 105 पारिवारिक वाद निस्तारित किए गए, जिनमें 13 दम्पत्तियों का पुनर्मिलन कराया गया। मोटर वाहन दुर्घटना प्रतिकर के 33 तथा उपभोक्ता आयोग के 9 मामलों का भी निस्तारण किया गया। कुल चिन्हित 1,36,958 मामलों में से 1,36,020 मामलों का निस्तारण कर लगभग 5.95 करोड़ रुपये की धनराशि जमा कराई गई। कार्यक्रम के समापन पर जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजय कुमार ने सभी सहयोगी अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।