फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) वंदे मातरम् और भारत माता की जय के गगनभेदी उद्घोष के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर संघ के प्रथम तीन सरसंघचालकों—डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार, गुरुजी एवं बालासाहब देवरस—के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित हिंदी नाटक का भव्य मंचन किया गया। यह आयोजन 26 जनवरी 2026 की सायं मेला श्रीरामनगरिया, पांचाल घाट स्थित सांस्कृतिक पांडाल में सम्पन्न हुआ।
नाटक के अद्भुत अभिनय, प्रभावशाली संवाद, भावपूर्ण संगीत एवं उत्कृष्ट प्रकाश संयोजन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर राष्ट्रवाद के प्रवाह में बहा दिया। भारत माता की मधुर वाणी में प्रस्तुत प्रस्तावना ने दर्शकों को अत्यंत सम्मोहित कर दिया, जिससे पांडाल में उपस्थित जनसमूह राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत हो उठा।
इस नाटक का प्रस्तुतीकरण नागपुर से पधारी ‘राधिका क्रिएशंस’ की मंचन टीम के 30 कलाकारों एवं स्थानीय 15 कलाकारों द्वारा किया गया। नाटक का निर्देशन संजय पेड़से ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुरेश जी (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यकारिणी सदस्य, पूर्वी उत्तर प्रदेश), विभाग प्रचारक राहुल जी, विभाग कार्यवाह विजय अवस्थी, भाजपा नेता ठाकुर वीरेन्द्र सिंह राठौर, सिमरन सिंधी एवं कार्यक्रम संयोजक अनुराग अग्रवाल द्वारा भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया।
नाटक में डॉ. हेडगेवार का बाल्यकाल, उनके प्रेरक भाषण, गुरुजी का सर संघचालक बनना, आपातकाल के दौरान सत्याग्रह एवं मीसाबंदी, राम जन्मभूमि आंदोलन, कश्मीर का विलय, डॉ. हेडगेवार का अंतिम भाषण, डॉ. हेडगेवार एवं महात्मा गांधी की भेंट, तथा गुरुजी-सरदार पटेल भेंट जैसे प्रसंगों का अत्यंत सजीव मंचन किया गया। कई दृश्य इतने जीवंत थे मानो इतिहास वर्तमान में साकार हो उठा हो।
नाटक का प्रमुख उद्देश्य तीनों सरसंघचालकों के विचारों एवं कृतित्व से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय, सामाजिक एवं सांस्कृतिक स्तर पर समयानुकूल परिवर्तन की चेतना जागृत करना रहा, जिससे नवीन भारत के निर्माण हेतु श्रेष्ठ मानवीय मूल्यों का परिवेश निर्मित हो सके।
संस्कार भारती फर्रुखाबाद के तत्वावधान में आयोजित इस 1 घंटा 55 मिनट के मंचन के दौरान पांडाल में उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध होकर संघ की विविध गतिविधियों का सजीव अवलोकन करते रहे। कार्यक्रम के अंत में समस्त कलाकारों को स्मृति-चिह्न एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अरविंद दीक्षित ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, अपर
जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार, एसडीएम सदर रजनीकांत ने उपस्थित होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री एवं भारतेन्दु नाट्य अकादमी सदस्य सुरेन्द्र पाण्डेय, सचिव गौरव मिश्रा, डॉ. संदीप चतुर्वेदी, नवीन मिश्रा, कुलभूषण श्रीवास्तव, दीपक मिश्रा, रोहित गोयल, उमेश गुप्ता, अमन अवस्थी, नरेन्द्र नाथ मिश्र, डॉ. समरेन्द्र शुक्ल, रोहित सफ्फर, अनुभव सारस्वत, राजेन्द्र त्रिपाठी, डॉ. सुबोध वर्मा, नगर कार्यवाह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
राष्ट्रवाद के प्रवाह में सबको बहा ले गए संघ गंगा के तीन भगीरथ



