रामनगरिया मेले में विकास प्रदर्शनी का प्रभारी मंत्री ने किया शुभारंभ

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जनपद फर्रुखाबाद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को मेला श्री रामनगरिया में स्थापित विकास प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ किया। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित करना है।
शुभारंभ के पश्चात मंत्री जयवीर सिंह ने प्रदर्शनी परिसर में 30 विभागों द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित 40 स्टालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में आम लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति लाभ प्राप्त कर सकें।
निरीक्षण के बाद प्रभारी मंत्री सांस्कृतिक पंडाल पहुंचे, जहां चल रही धार्मिक कथा में उन्होंने सहभागिता की और श्रद्धालुओं से संवाद किया। इसके उपरांत मंत्री ने सूचना विभाग द्वारा स्थापित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभागीय प्रयासों की सराहना की। मंत्री ने कहा कि विकास प्रदर्शनी से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी मिल रही है, जिससे शासन की जनकल्याणकारी नीतियों को धरातल पर उतारने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, विभागीय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु व मेले में आए दर्शक उपस्थित रहे।