फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत रखा बालिका इंटर कालेज में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे आशुतोष कुमार द्विवेदी (जिलाधिकारी, फर्रूखाबाद) ने उपस्थित लगभग 200 शिक्षकों व छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सड़क दुर्घटनाएं मुख्य रूप से लापरवाही के कारण बढ़ रही हैं, जिन्हें नियंत्रित करने की आवश्यकता है।
उन्होंने सभी से अपील की कि यातायात नियमों का अक्षरशः पालन करें। किसी भी स्थिति में वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा ओवरलोडिंग से बचें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। साथ ही वाहन के सभी आवश्यक प्रपत्र पूर्ण रखने की भी सलाह दी।
इस अवसर पर शैक्षिक सत्र 2025-26 के राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने वैज्ञानिक मॉडल एवं प्रयोग प्रस्तुत कर जटिल सिद्धांतों को सरल रूप में समझाया।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई तथा जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को शून्य करने का संकल्प दोहराया। इस दौरान विनोद कुमार गौड़ (सीडीओ), एस के तिवारी (डीडीओ), वीपी सिंह (बीएसए), सुभाष राजपूत (एआरटीओ-प्रवर्तन), कृष्ण कुमार यादव (एआरटीओ-प्रशासन), प्रधानाचार्या नीतू मसीह सहित विद्यालय के शिक्षक, स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रखा बालिका इंटर कालेज में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम



