रंगों व पिचकारी से सजा बाजार, चढ़ने लगा होली का खुमार

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)  होली का त्योहार जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है। वैसे ही रंगोत्सव का उल्लास भी दिखाई देने लगा है। नगर समेत आस-पास के बाजारों में दुकानों के सजने के साथ ही खरीदार भी दिखाई देने लगे हैं। बच्चे रंग-बिरंगी पिचकारियों को खरीद रहे हैं तो महिलाएं को दुकानों पर सजे रंग, गुलाल व पिचकारी लोगों को अपनी और आकर्षित कर रहे हैं। इस बार होली पर बांसुरी, मोटरसाइकिल, स्कूटर एवं पशु पक्षी की शक्ल सहित विभिन्न आकारों में पिचकारियां मौजूद हैं। बाजारों में 30 से लेकर हजारों रुपये तक की कीमत पिचकारी मिल रही है।

बाजार में हर्बल गुलाल व रंगों की मांग भी अधिक है। नगर के व्यापारियों को इस बार होली पर्व पर अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। इसके चलते नगर के दुकानदारों ने होली से एक सप्ताह पूर्व ही पर्व पर बिकने वाले सभी सामानों को दुकानों में सजाना जाना शुरू कर दिया था। वहीं बाजार में होली का पर्व नजदीक आते ही ग्राहकों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। होली के त्योहार के अब कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में बड़े और छोटे बाजारों में होली का रंग चढ़ने लगा है। गुलाल-अबीर की खुशबू लोगों को अपनी ओर खींच रही है। बाजारों में खान-पान, रंग व कपड़ों की दुकानें सज गई हैं। शहर का बाजार शनिवार को खरीदारी से भरा दिखा। सूखे मेवे और गिफ्ट पैक की लोग खरीदारी करने के लिए बाजारों में पहुंच रहे हैं, इससे एक बार फिर व्यापारियों के चेहरों की मुस्कान लौटती दिखी। बाजार में खरीदारी की बढ़ रही चहल-पहल से अब दुकानों में भी रौनक बढ़ रही है। बाजारों में तरह-तरह की पिचकारी लौट आई है, इस बार टैंक, बंदूक व कलम वाली पिचकारी सबसे अधिक लोगों को लुभा रही है। इसके अलावा बच्चों के बीच स्पाइडरमैन, छोटा भीम की पिचकारी की आकर्षण का केंद्र बन रही है। बाजारों के साथ रेहड़ी-पटरी पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों के चेहरे पर भी खरीदारों को देख खुशी का रंग चढ़ता दिख रहा है। लोग हर्बल रंग अधिक मांग कर रहे हैं।
कलर स्प्रे व सिलेंडर खींच रहे ध्यान
शहर के बाजार की दुकानों में हरा, लाल, गुलाबी, पीला समेत विभिन्न तरह के रंग उपलब्ध हैं। बाजार में स्प्रे व सिलेंडर वाले रंग लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। इनकी कीमत 150 से 400 रुपये है। दुकानदारों ने बताया कि रंग के हिसाब से कीमत है। थोक में गुलाल 60 रुपये व खुदरा में 100 रुपये किलो है। वहीं, टैंक वाली पिचकारी की कीमत 300 रुपये से शुरू है।
होली उपहारों के पैक उपलब्ध
बाजारों में दोस्त, रिश्तेदारों को होली का उपहार देने के अलग-अलग तरह के गिफ्ट पैक मौजूद हैं। इनमें पिचकारी से लेकर तरह-तरह के रंग, गुब्बारे, स्प्रे, गुलाल व मिठाई भी है। इनकी कीमत 400 से 1500 रुपये तक है। इन्हें भी लोग खूब पसंद कर रहे हैं।
लुभा रहे टोपी व मुखौटे
होली की टोपियां और तरह-तरह के फैंसी ड्रेस धूम मचा रही है। वहीं, मुखौटे भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। बाजार में रंग-बिरंगे टोपी 20 से लेकर 300 रुपये में बिक रही। मुखौटे 80 रुपये से शुरू हैं। बाजार में राज नेताओं के मुखौटे भी आकर्षण का केंद्र बने हैं|