योग से भारत ने किया विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त:सीएम योगी

लखनऊ:आज 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में योगाभ्यास करने के पूर्व योग साधकों व प्रशिक्षुओं को संबोधित किया और प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दी।महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि योग भारत की ऋषि परंपरा का ऐसा मंत्र है जो स्वस्थ काया के साथ स्वस्थ मस्तिष्क भी उपलब्ध कराता है।योग के अलग-अलग आयाम देखने को मिलते हैं।
व्यक्तित्व विकास से लेकर ब्रह्मांड के रहस्यों को उद्घाटित करने तक योग के समृद्ध ज्ञान को विरासत के रूप में वेदों,उपनिषदों, पुराणों, स्मृतियों और शास्त्रों में प्रस्तुत किया। सीएम योगी ने कहा कि योग की प्राचीन भारतीय परंपरा को आधुनिक युग में आगे बढ़ने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को है जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र संघ में पहल कर योग को वैश्विक मान्यता दिलाई।